नई दिल्ली। इस साल के 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में लाल किले पर पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी व सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई के लिए भारत द्वारा लॉन्च ऑपरेशन सिंदूर की सफलता मुख्य आकर्षण होगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संबोधन में लाल किले की प्राचीर से आपरेशन सिंदूर की शौर्य गाथा सुनायेंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, समारोह में एमआई-17 हेलिकॉप्टर ऑपरेशन सिंदूर का प्रतीक चिन्ह वाला ध्वज लेकर उड़ान भरेगा।
आमंत्रण पत्रों पर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो और ‘नया भारत’ का प्रतीक चिन्ह चिनाब ब्रिज का वॉटरमार्क भी छपा है। जैसे ही राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा, दो एमआई-17 हेलिकॉप्टरों से पुष्पवर्षा होगी। एक हेलिकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज ले जाएगा, दूसरा ऑपरेशन सिंदूर का ध्वज। कार्यक्रम में करीब 5,000 विशेष अतिथि समारोह में शामिल होंगे। स्पेशल ओलंपिक्स 2025 की भारतीय टीम, अंतरराष्ट्रीय खेलों के विजेता, खेलो इंडिया पैरा गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता, विभिन्न सरकारी योजनाओं में प्रशिक्षित व पुरस्कृत किसान और श्रेष्ठ सरपंच और मेधावी छात्रों को आमंत्रित किया गया है।
जानकारी के अनुसार इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस समारोह के विभिन्न राज्यों के 1,500 मेहमान से अधिक पारंपरिक परिधानों में साक्षी बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह करेंगे। दिल्ली एरिया के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल भावनीश कुमार पीएम को सलामी मंच तक ले जाएंगे। फ्लाइंग ऑफिसर राशिका शर्मा पीएम की सहायता करेंगी। साथ ही 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। वायुसेना बैंड में पहली बार 11 अग्निवीर वायु संगीतकार शामिल होंगे।

More Stories
भारत के पास कितने दिनों का Forex Reserve बचा, डॉलर बचाने के लिए क्या करेगी सरकार?
जनगणना में जानकारी छिपाना पड़ेगा भारी: घर, गाड़ी या संपत्ति छिपाई तो हो सकती है 3 साल की जेल
गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ा अलर्ट: LPG सब्सिडी बचानी है तो 7 दिन में करना होगा ये काम