भोपाल
अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय दो मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है, जिसके चलते राजधानी सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर शहरों में रात एवं दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला एवं दमोह में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, वातावरण में नमी नहीं रहने के कारण मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन तक ऐसा ही बना रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी प्रकाश ढवले ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू के आसपास द्रोणिका के रूप में मौजूद है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी ईरान और अफगानिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में सक्रिय हो गया है। इन मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं का रुख दक्षिणी एवं दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। दक्षिणी हवाएं चलने के कारण रात का तापमान भी बढ़ने लगा है।
मध्य प्रदेश में तपिश बढ़ने लगी
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि दक्षिण भारत में तापमान बढ़ रहा है। वहां से आ रही हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में तपिश बढ़ने लगी है। हवाओं में नमी नहीं रहने के कारण मौसम का इसतरह का मिजाज अभी दो तीन दिन तक बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के बाद हवाओं का रुख बदलने से एक बार फिर तापमान में कुछ कमी आ सकती है।

More Stories
DAVV Indore में हजारों छात्र फेल, UG फर्स्ट-सेकंड ईयर की सितंबर में होगी सप्लीमेंट्री परीक्षा
इंदौर में सरकारी जमीन पर कब्जाधारियों का खुलेगा संपत्तिकर खाता, टैक्स वसूली के प्रस्ताव पर मचा विवाद
Ladli Behna Yojana: 19 अगस्त को खाते में आएंगे ₹1,750, मैहर से CM मोहन यादव जारी करेंगे 39वीं किस्त