February 27, 2026

पाकिस्तान में रैली के दौरान धमाका, 15 की मौत, 35 घायल

क्वेटा। पाकिस्तान का क्वेटा शहर मंगलवार को बलूचिस्तान नेशनल पार्टी की रैली के दौरान हुये बम धमाकों से दहल गया। इस आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 15 लोग मारे गए और 35 अन्य घायल हो गए।

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक यह विस्फोट सरियाब क्षेत्र में शाहवानी स्टेडियम के पास हुआ। मंगलवार रात को सरदार अताउल्लाह मेंगल की चौथी पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित रैली के समापन के बाद ये धमाका हुआ। घटना के बाद प्रांतीय स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर ने इसमें मरने वाले और घायल लोगों की संख्या की पुष्टि की है। पाक अधिकारियों ने बताया कि हमला फिदायीन था और रैली खत्म होने के 15 मिनट बाद हुआ। बताया जा रहा है कि हमलावर ने पार्किंग क्षेत्र में विस्फोटकों से लदी अपनी जैकेट में उस समय विस्फोट कर दिया, जब लोग रैली में भाग लेने के बाद वहां से निकल रहे थे। हालांकि रैली का नेतृत्व कर रहे बीएनपी प्रमुख अख्तर मेंगल को कोई चोट नहीं आई। रैली में पख्तूनख्वा मिल्ली अवामी पार्टी के प्रमुख महमूद खान अचकजई, अवामी नेशनल पार्टी के असगर खान अचकजई और नेशनल पार्टी के पूर्व सीनेटर मीर कबीर मुहम्मद शाई भी रैली में मौजूद थे। इनमें से किसी को कोई चोट नहीं आई।

और भी हुए हमले, दर्जनभर भर सैनिक मरे
इसके पहले मंगलवार को ही बलूचिस्तान में ईरान सीमा के पास एक और बम धमाका हुआ, जिसमें पांच अर्धसैनिक बल के जवान मारे गए और चार घायल हुए। यह हमला एक काफिले को निशाना बनाकर किया गया था। तीसरा हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू शहर में हुआ, जहां एक आत्मघाती हमलावर ने अर्धसैनिक मुख्यालय को निशाना बनाया। इस हमले में 6 सैनिकों की मौत हो गई। पाकिस्तानी सेना ने इस हमले की पुष्टि की है।