थप्पड़…कंगना बोलीं यह बेहद शर्मनाक है

मुंबई। तमिलनाडु कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केएस अलागिरि ने हाल ही में एक्ट्रेस एवं सांसद कंगना रनौत को लेकर कहा था कि कंगना को थप्पड़ मारना चाहिए। उनके इस बयान से राजनीति और फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मच गई। कंगना रनौत ने इस पर कहा कि किसी महिला के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बेहद शर्मनाक है। यह कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को उजागर करता है। कंगना ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह ऐसे बयानों से डरने वाली नहीं हैं। हमेशा सच के साथ खड़ी रहेंगी। यह पहली बार नहीं है जब कंगना का किसी राजनीतिक दल या नेता विवाद हुआ हो। वह अपने बयानों के कारण अक्सर सुर्खियों में रहती आई हैं। इस विवाद के बाद राजनीतिक गलियारों में भी बहस छिड़ गई है। कई लोग कांग्रेस नेता के बयान को असंवैधानिक व अपमानजनक बता रहे हैं। उधर, कंगना के समर्थकों ने एक्ट्रेस को मजबूती से खड़े रहने की सलाह दी है।

एक्ट्रेस मनीषा कृष्ण-राधा रानी के शरण में वृंदावन पहुंची

बिग बॉस ओटीटी 2 से लोकप्रिय हुई एक्ट्रेस मनीषा रानी हाल ही में श्रीकृष्ण और राधा रानी की शरण में वृंदावन पहुंचीं। उन्होंने अपनी इस धार्मिक यात्रा का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसमें वह मंदिर प्रांगण में भारी भीड़ के बीच दिखाई दे रही हैं। इस दौरान मनीषा ने अनिरुद्धाचार्य महाराज से मुलाकात की। आश्रम में मौजूद वृद्ध महिलाएं भी मनीषा से गले मिलीं और उन्हें भरपूर आशीर्वाद दिया। वीडियो में मनीषा को एक बुजुर्ग महिला के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए नजर आ रही हैं। वृंदावन में मनीषा ने महिलाओं के साथ समय बिताया और अपने हाथों से भोजन परोसकर सबका दिल जीत लिया। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए लिखा कि वृंदावन की ये यात्रा दिल को छू गई। अनिरुद्धाचार्य महाराज के आश्रम में मिला प्यार और दुआएं हमेशा याद रहेंगी।