रामनाथपुरम (तमिलनाडु).
श्रीलंकाई नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) का उल्लंघन करने और गैरकानूनी तौर पर मछली पकड़ने के आरोप में 37 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया तथा पांच मछली पकड़ने वाले नावों को जब्त कर लिया। श्रीलंकाई नौसेना ने शनिवार और रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में इन भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। तमिलनाडु मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने रविवार सुबह यहां कहा कि गिरफ्तार मछुआरे रामनाथपुरम जिले के थंगाचिमादम और रामेश्वरम के रहने वाले हैं।
इस बीच, श्रीलंकाई नौसेना ने आज दावा किया कि उसने शनिवार की शाम और रविवार की सुबह श्रीलंकाई जलक्षेत्र से भारतीय शिकार करने वाले ट्रॉलरों को खदेड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया था। पकड़े गए मछुआरों और अवैध शिकार करने वाले ट्रॉलरों को तलाईमन्नार पियर और कंकासंथुरई हार्बर ले जाया गया और उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मत्स्य अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 14 अक्टूबर को लंकाई नौसेना ने इसी तरह के आरोप में थंगाचीमादम से 27 मछुआरों को गिरफ्तार किया था और पांच नौकाओं को जब्त कर लिया था। सूत्रों के अनुसार श्रीलंकाई नौसेना ने इस साल अब तक 174 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और 27 भारतीय शिकार करने वाले नावों को जब्त किए हैं। गिरफ्तार मछुआरों की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए, रामेश्वरम के मछुआरे हड़ताल पर चले गए और द्रमुक सरकार के हस्तक्षेप के बाद मछुआरों के एक वर्ग ने कल ही मछली पकड़ने की गतिविधियाँ फिर से शुरू कीं।

More Stories
PM मोदी और शहबाज शरीफ को लिखी 100 हस्तियों की चिट्ठी पर BJP का हमला, जानें किन नेताओं के नाम शामिल
देशभर में लागू हुई G RAM G योजना, कितनी मिलेगी मजदूरी? जानें मनरेगा से ज्यादा या कम
एनएमडीसी ने पहली तिमाही की अब तक की सर्वाधिक मात्रा दर्ज की, 60 एमटी लक्ष्य के लिए गति बनाई