भुवनेश्वर
एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरूष हॉकी टीम को बधाई देते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हर खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य को पांच पांच लाख रूपये नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है जबकि ओडिशा के डिफेंडर अमित रोहिदास को डेढ करोड़ रूपये मिलेंगे।
पटनायक ने शुक्रवार को कहा कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाली टीम को उनके इस प्रदर्शन के सम्मान में यह पुरस्कार दिया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘अमित रोहिदास प्रदेश के उदीयमान खिलाड़ियों के लिये उम्मीद और गर्व का प्रतीक बन गया है। उसकी कामयाबी की दास्तान से हर खिलाड़ी को बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिली है। हमें उस पर गर्व है।''
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के जरिये खिलाड़ियों से बात भी की। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय पुरूष हॉकी टीम को बधाई। उनके समर्पण और अथक परिश्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हॉकी वाकई भारत का खेल है। ओडिशा में हमारे दिलों में हॉकी की खास जगह है और यह ऐतिहासिक दिन हमारी स्मृतियों में हमेशा रहेगा। पेरिस ओलंपिक के लिये टीम को शुभकामना।'' ओडिशा 2018 से भारतीय हॉकी टीमों का प्रायोजक है।

More Stories
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर चुनी पहले बल्लेबाजी
SRH vs PBKS: IPL 2026 का बड़ा मुकाबला, हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद
बेटी ने बदला केएल राहुल का नजरिया, बोले—गले लगते ही मिट जाती हर चिंता