चंडीगढ़
हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में नायब सिंह सैनी एक बार फिर सीएम पद की शपथ लेंगे। 15 अक्टूबर को आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में नायब सिंह सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला में आयोजित किया जाएगा, जहां लगभग 50 हजार लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है। समारोह में भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा सरकार की नई कैबिनेट में अनिल विज, कृष्ण लाल मिड्ढा, श्रुति चौधरी, अरविंद कुमार शर्मा, विपुल गोयल , निखिल मदान को जगह मिल सकती है।
गौरतलब है कि, नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। इसके बाद गुरुवार को उन्होंने राजधानी में केंद्रीय मंत्री और हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की थी।
विधानसभा चुनाव के दौरान ही भाजपा की ओर से संकेत दिए गए थे कि अगली सरकार के भी मुखिया नायब सिंह सैनी बनेंगे। भाजपा ने मार्च 2024 में नायब सिंह सैनी को हरियाणा भाजपा अध्यक्ष पद से मुख्यमंत्री बनाया था। उस समय भाजपा मनोहर लाल के साढ़े नौ साल के कार्यकाल के बाद सत्ता विरोधी लहर का सामना कर रही थी।
बता दें कि हरियाणा में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस 37 सीटों पर ही सिमटकर रह गई। इस चुनाव में जजपा और आम आदमी पार्टी का सफाया हो गया और इनेलो सिर्फ दो सीट जीतने में सफल रही। प्रदेश की तीन सीटें अन्य के खाते में गई हैं।

More Stories
Delhi-Mumbai Expressway: 1380 KM का देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम से सूरत तक जुड़ेंगे ये प्रमुख शहर
Karnataka Teacher Recruitment: सरकारी स्कूलों में 15,000 शिक्षकों की भर्ती, TET पास 18 अगस्त से करें आवेदन
सहारा निवेशकों के ₹97,412 करोड़ अब भी अटके, 1.43 करोड़ लोगों को मिले सिर्फ ₹8,429 करोड़