September 30, 2026

पहली बार मेगा पीटीएम, अभिभावक भी दे सकेंगे सुझाव

नई दिल्ली.

दिल्ली सरकार अभिभावकों की सहूलियत के लिए पहली बार दो दिवसीय मेगा पीटीएम 13 और 14 अक्तूबर को आयोजित करने जा रही है। इसका आयोजन सरकारी और एमसीडी स्कूलों में संयुक्त रूप से होगा। पीटीएम दो दिन आयोजित करने के पीछे सरकार का उदे्श्य है कि अभिभावक किसी भी एक दिन इसमें शामिल हो सकें। पीटीएम में अभिभावक ना केवल अपने बच्चों की पढ़ाई के विषय में जान सकते हैं बल्कि स्कूल और टीचिंग लर्निंग गतिविधियों को लेकर अपने सुझाव भी दे सकते हैं। सरकार पहली बार दो दिन पीटीएम का आयोजन कर रही है। अभिभावक अपनी सहूलियत के अनुसार, दो दिन में से किसी एक भी दिन इसमें शामिल हो सकते हैं। शिक्षा निदेशालय का मानना है कि इससे ज्यादा अभिभावक इसमें शामिल हो सकेंगे। इस दौरान वह अपने बच्चों की अर्ध वार्षिक परीक्षा की प्रगति रिपोर्ट को जान सकेंगे।

दो शिफ्ट में होगी पीटीएम मीटिंग
पीटीएम का आयोजन दोनों दिन दो पालियों में किया जाएगा। सुबह की पाली वाले स्कूलों में सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक व शाम की पाली में दो बजे से शाम छह बजे तक इसका आयोजन होगा। पीटीएम के माध्यम से एक प्रश्नोतरी के माध्यम से अभिभावकों से एक फीडबैक लिया जाएगा। इसका उपयोग टीचिंग लर्निंग दृष्टिकोण को सुधारने में किया जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने अभिभावकों से इस पीटीएम में शामिल होने की अपील की है। जिससे वे अपने बच्चों की पढ़ाई के विषय में जानने के साथ-साथ स्कूल की बेहतरी के लिए भी सुझाव दें।