26-28 अगस्त तक दिल्ली में व्याख्यान माला, संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत होंगे शामिल
मुंबई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएएस) शताब्दी वर्ष मनाया रहा है। इस दौरान संघ जिले से राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की प्रमुख हस्तियों से संवाद करेगा। संघ के नई दिल्ली, बेंगलुरू, कोलकाता और मुंबई में होने वाले संवाद के कार्यक्रमों में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की उपस्थिति रहेगी। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 26 से 28 अगस्त तक तीन दिवसीय व्याख्यान माला का आयोजन किया जाएगा।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने केशव कुंज में मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि विज्ञान भवन में आयोजित होने जा रही तीन दिवसीय व्याख्यानमाला में समाज के सभी क्षेत्रों, वर्गों और विचारधाराओं की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इसके लिए सामाजिक, आर्थिक, आध्यात्मिक, खेल, शिक्षा, ज्ञान परंपरा एवं भाषा, इंटरप्रेन्योर और भारत स्थित विभिन्न देशों की प्रमुख्य हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। श्री आंबेकर ने बताया कि इस व्याख्यानमाला में 100 वर्षों की यात्रा के दौरान संघ की भूमिका एवं अनुभवों के साथ ही भविष्य में जिन क्षेत्रों में संघ और स्वयंसेवकों को आगे बढऩा है इस पर भी सरसंघचालक जी अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही पंच परिवर्तन पर संघ की सोच और इसमें समाज की अपेक्षित सहभागिता की योजनाओं पर भी चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान मौजूदा समय में तेजी से विकास एवं प्रगति की राह पर अग्रसर हो रहे देश की लगातार बढ़ रही आशा एवं आकांक्षाओं में स्वयंसेवकों के योगदान पर भी बात होगी और यह पक्ष भी प्रस्तुत किया जाएगा कि नए क्षितिज की ओर भारत को आगे बढऩा है तो स्व तत्व और अपने पराक्रम से ही आगे बढ़ा जा सकता है।
श्री आंबेकर ने बताया व्याख्यानमाला में गुलामी के कालखंड से चले आ रहे विकास के औपनिवेशिक मापदंडों पर भी चर्चा होगी और अब तक दबी रही भारतीय समाज की असीमित क्षमताओं को उभारने पर भी विचार रखा जाएगा। इसके साथ ही वर्तमान समय में देश-समाज के लिए महत्वपूर्ण विषयों सहित भारत की वैश्विक भूमिका पर भी बात होगी। इसके अलावा तीसरे दिन आयोजन में सम्मिलत होनेवालों के लिखित प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का भी उत्तर दिया जाएगा।

More Stories
LPG 5KG सिलेंडर की कीमतों में 261 रुपये की बढ़ोतरी, प्रवासी मजदूरों पर महंगाई का बड़ा असर
सरकार को कानून बनाने के लिए मजबूर नहीं कर सकते, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा बयान
140 साल का गर्मी का रिकॉर्ड तोड़ेगा ‘सुपर अल नीनो’! इस बार क्या होगा खास?