जबलपुर
जबलपुर मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर पाटन उप जेल से शुक्रवार की सुबह दो कैदी फरार हो गए। जानकारी लगते ही जेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने दोनों कैदियों को आधा किलोमीटर तक पीछा कर पकड़ लिया।
जेल के पीछे की 15 फीट ऊंची दीवार को पार करते समय दोनों कैदियों के पैर और कमर में चोट लग गई थी। दोनों कैदी खेत में लंगड़ाते हुए भाग रहे थे। सूचना मिलते ही जेलर हेमेन्द्र बागरी मौके पर पहुंचे और दोनों कैदियों को आधा किलोमीटर दूर ग्राम वनवार से पकड़ लिया। पीछा करने के दौरान जेलर के पैर में भी चोट आई है।
जानकारी के मुताबिक पाटन, कटरा निवासी शेख शहादत और कटंगी, कूड़न मोहल्ला का रहने वाला कृष्णा यादव दोनों ही विचाराधीन कैदी हैं। दोनों करीब पांच माह से पाटन उप जेल में बंद है। शेख शहादत रेप का आरोपी है। जबकि कृष्णा अवैध शराब बेचने के मामले में बंद है। जेलर के मुताबिक घटना की जानकारी जेल मुख्यालय भोपाल, केन्द्रीय जेल जबलपुर और कोर्ट की दी गई है।
जेल के अंदर चल रहा है काम
पाटन उप जेल में इस समय पुताई और साफ-सफाई का काम भी चल रहा है। जिसके चलते बाहर से मिस्त्री और मजदूर भी रोजाना आ रहे है। आशंका जताई जा रही है कि संभवत: दोनों ही कैदियों ने इसी दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के साथ मिलकर जेल से भागने का प्लान बनाया होगा। फिलहाल दोनों कैदियों का जेल में इलाज करवाया जा रहा है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर भी पाटन उप जेल पहुंचे हैं।

More Stories
खंडवा में 200 एकड़ जंगल से हटाया अतिक्रमण, 30 JCB और 600 कर्मचारियों की बड़ी कार्रवाई
3 साल की जुड़वां बहनों ने रचा इतिहास, बनीं दुनिया की सबसे कम उम्र की फीमेल ड्रमर, मिला वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स सम्मान
MP Monsoon Update: 40 जिलों में अब तक नहीं पहुंचा मानसून, 38% कम बारिश; उज्जैन-देवास में भारी बारिश का अलर्ट