नई दिल्ली
सऊदी अरब के युवराज (वली अहद) मोहम्मद बिन सलमान जी20 समिट में शामिल होने के लिए तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर शनिवार को यहां पहुंचे। वहीं जी20 समिट का रविवार को समापन हो गया। मोहम्मद बिन सलमान अभी भारत में ही हैं और सोमवार (11 सितंबर) को वे हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं। खबर है कि पीएम मोदी से मुलाकात से पहले सऊदी अरब के प्रधानमंत्री प्रिंस का सुबह करीब 10 बजे नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
विदेश मंत्रालय के मुताबिक सऊदी प्रिंस पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे और दोनों नेता रणनीतिक साझेदारी परिषद की नेतृत्व स्तर की पहली बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। वे रणनीतिक साझेदारी परिषद की दो मंत्रिस्तरीय समितियों यानी राजनीतिक, सुरक्षा, सामाजिक और सांस्कृतिक सहयोग समिति तथा अर्थव्यवस्था और निवेश सहयोग समिति के तहत हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और सलमान राजनीतिक, सुरक्षा, रक्षा, व्यापार और आर्थिक, सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के संबंधों सहित द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
बयान में कहा गया कि दोनों नेता परस्पर हितों से जुड़े क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। भारत और सऊदी अरब के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। वर्ष 2022-23 में दोनों देशों के बीच व्यापार 52.75 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। भारत सऊदी अरब का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है जबकि सऊदी अरब भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच ऊर्जा के क्षेत्र में भी मजबूत साझेदारी है। सऊदी अरब में लगभग 24 लाख भारतीय रहते हैं। सऊदी अरब हर साल 1,75,000 से अधिक भारतीय नागरिकों को हज यात्रा की सुविधा भी प्रदान करता है।
बता दें कि मोहम्मद बिन सलमान इससे पहले फरवरी, 2019 में राजकीय यात्रा पर भारत आए थे और यह उनकी दूसरी राजकीय यात्रा है। यह यात्रा अक्टूबर, 2019 में प्रधानमंत्री मोदी की सऊदी अरब यात्रा के बाद हुई है। प्रधानमंत्री मोदी की उस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने एक द्विपक्षीय तंत्र ‘रणनीतिक साझेदारी परिषद' की स्थापना की थी।

More Stories
थलापति विजय की डबल चाल: TVK के दोनों हाथों में लड्डू, सरकार बनाने का खेल जारी
भारत और वियतनाम ने किए 13 समझौते, UPI और वियतनाम के फास्ट पेमेंट सिस्टम का होगा लिंक
असम में 12 मई को शपथ समारोह, पीएम मोदी होंगे मौजूद; सरमा ने बताया नया CM कब चुना जाएगा