नई दिल्ली
तेलंगाना में चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के डांस वाले वीडियो पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भड़क गए हैं। उन्होंने उत्तरकाशी टनल रेस्क्यू ऑपरेशन से लिंक निकालते हुए कहा कि कल एक तरफ देश टनल में फंसे मजदूरों के सफल रेस्क्यू के लिए प्रार्थनाएं कर रहा था, दूसरी तरफ हमेशा की तरफ एक फैमिली मौज-मस्ती और नाच-गाने में डूबी हुई थी।
तेलंगाना में चुनावी रैली के एक वीडियो में राहुल और प्रियंका गांधी को पॉलिटिकल सॉन्ग पर नाचते हुए दिखाए जाने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर सरमा ने कहा, "कल, देश प्रार्थनाओं में डूबा हुआ था और उत्तराखंड के हमारे श्रमिकों की सुरक्षा का इंतजार कर रहा था। वहीं एक परिवार हमेशा की तरह मौज-मस्ती-गायन और नृत्य में व्यस्त दिखा।"
असम के मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "चाहे 26/11 हो या कोई अन्य महत्वपूर्ण अवसर, इस परिवार के लिए हमेशा सबसे पहले मनोरंजन ही होता है।" गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर राहुल और प्रियंका समेत कांग्रेस पार्टी के नेताओं के चुनावी कैंपेन सॉन्ग पर नाचते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो तब सामने आया जब उत्तरकाशी में 41 श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जोरों-शोरों से चल रहा था। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान रैट माइनर्स की टीम ने आखिरी 12 मीटर को हाथ से खोदकर टनल में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला।
बता दें कि ये सभी मजदूर केंद्र की महत्वाकांक्षी चार धाम परियोजना के तहत 17 दिन पहले सिल्कयारा सुरंग में काम कर रहे थे, लेकिन अचानक भूस्खलन होने से वे सभी टनल में फंस गए। तब से उन्हें निकालने के लिए दुनियाभर के एक्सपर्ट और यहां तक सेना तक को काम पर लगाया। ताजा जानकारी के अनुसार, मजदूरों को रेस्क्यू करने के बाद चिकित्सीय जांच के लिए हवाई मार्ग द्वारा एम्स-ऋषिकेश ले जाया गया है। फिलहाल जो जानकारी सामने आई है कि सभी मजदूर पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

More Stories
छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी पर 11 वर्षीय ग्रिहिता का परचम, दिया ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश
हंता वायरस को लेकर WHO अलर्ट, संक्रमितों के लिए आइसोलेशन अनिवार्य
महाराष्ट्र में मराठी ने बढ़ाई टेंशन, 80 हजार छात्र भाषा विषय में फेल