सोम डिस्टलरी के पांच ठिकानों पर सेंट्रल एक्साइज का छापा, 50 करोड़ की टैक्स चोरी उजागर

भोपाल। सेंट्रल एक्साइज विभाग की टीम द्वारा बुधवार को सोम डिस्टलरी के भोपाल और रायसेन जिले में स्थित पांच ठिकानों पर की गई छापेमारी की कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रही। कार्रवाई के दौरान कंपनी के मालिकों ने 14 करोड़ रुपए सरेंडर कर दिए हैं। सर्वे में करीब 50 करोड़ की टैक्स चोरी उजागर होने की जानकारी सामने आ रही है।

छापे की कार्रवाई सोम डिस्टलरी की रायसेन जिले के सेहतगंज और गोचरा चक में संचालित यूनिट और भोपाल के एमपी नगर स्थित दफ्तर में की गई। आरोप है कि सोम ग्रुप के संचालकों ने लिकर की बॉटल्स के इम्पोर्ट के लाइसेंस में हेराफेरी कर टैक्स चोरी की है। यह एडवांस अथोराइजेशन में बॉटल्स मंगाते थे। जांच में पाया गया है कि इन्होंने इम्पोर्ट में बॉटल्स का स्टॉक कम दिखाया। इसके साथ ही एक्सपोर्ट आवेदन में भी कमियां पाई गई हैं।

कंपनी ने 14 करोड़ रुपए जमा कराए
विभाग की कार्रवाई में शुरुआती टैक्स चोरी के खुलासे के बाद सोम ग्रुप के संचालकों ने 14 करोड़ रुपए जमा कर दिए हैं और अभी छापे में जुटी टीम का एसेसमेंट जारी है। सेंट्रल एक्साइज की टीम की यह कार्रवाई गुरुवार देर रात तक चलते रहने की संभावना है।