नई दिल्ली
भाजपा के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को 'कैश फॉर क्वेरी' मामले में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ एक नया आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि संसद की आधिकारिक वेबसाइट के यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग दुबई में किया गया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र ने जांच एजेंसियों को इसकी जानकारी दी है। आपको बता दें कि यह ताजा हमला व्यवसायी दर्शन हीरानंदानी द्वारा एक हलफनामे के बाद सामने आया है।
हीरनंदानी ने अपने हलफनामे में दावा किया था कि उन्होंने संसद में सवाल पूछने के बदले में सांसद को उपहार और अन्य प्रलोभन दिए थे। उन्हें सांसद की लॉगिन क्रेडेंशियल्स के बारे में जानकारी थी। हालांकि, महुआ मोइत्रा ने सभी आरोपों से इनकार किया है। निशिकांत दुबे ने शनिवार को एक्स पर लिखा कि संसद की आधिकारिक वेबसाइट के लिए सांसद की आईडी का इस्तेमाल दुबई से किया गया था। उस दौरान महुआ मोइत्रा भारत में थी। उन्होंने कहा कि सांसद ने चंद पैसों के लिए देश की सुरक्षा को गिरवी रख दिया।
निशिकांत दुबे ने लिखा, "एक सांसद ने चंद पैसों के लिए देश की सुरक्षा गिरवी रख दी। संसद की आईडी दुबई से खोली गईं। उस समय सांसद भारत में थी। एनआईसी की इस वेबसाइट पर पूरी भारत सरकार, देश के प्रधानमंत्री, वित्त विभाग और केंद्रीय एजेंसियां मौजूद हैं। तृणमूल कांग्रेस और विपक्ष को राजनीति करनी है। फैसला जनता का है। एनआईसी ने यह जानकारी जांच एजेंसी को दी है।''

More Stories
NEET परीक्षा के बीच PM मोदी का संवेदनशील फैसला, एयरपोर्ट पर किया इंतजार
योग दिवस पर नौसेना का कमाल, INS सतवाहन में पानी के भीतर योगासन का प्रदर्शन
एनएमडीसी ने 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया, 500 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा