भोपाल
सड़कों पर आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। इस संबंध में कलेक्टर आशीष सिंह ने निर्देश भी जारी किए हैं। बता दें कि नगर निगम का अमला रोजाना करीब 20 से 25 आवारा मवेशियों को पकड़ता था, लेकिन बीते कुछ दिनों से यह संख्या कम हो गई थी। अब इसे बढ़ाकर रोजाना 80 से ज्यादा मवेशी पकड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए निगम द्वारा हर विधानसभा में एक-एक गाड़ी लगाई गई है।
राजधानी में स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर को कैटल फ्री करने के लिए जिला प्रशासन और निगम निगम की तरफ से विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके चलते निगम की एक टीम सुबह से ही राजधानी की सड़कों पर बैठे पशुओं की धरपकड़ शुरू कर देती है। गौरतलब है कि गत दिवस इस संबंध में कलेक्टर आशीष सिंह ने निर्देश जारी किए थे। बता दें कि शहर के सभी 6 कांजी हाउस फुल होने से सड़कों पर बड़ी संख्या में मवेशियों का जमघट लगा रहता है।
इन इलाकों पर सबसे ज्यादा फोकस
कोलार, चूनाभट्टी तिराहा, नेहरू नगर, अयोध्या बायपास, 11 मील, कटारा हिल्स, होशंगाबाद रोड, निशातपुरा, करोंद, भेल, ईदगाह हिल्स, लालघाटी और रातीबड़ में सबसे ज्यादा मवेशी सड़कों पर नजर आते हैं। इस कारण इन इलाकों में पशु पकड़ने पर ज्यादा फोकस रखा जाएगा। बता दें कि नगर निगम के अरवलिया, अन्ना नगर, गांधी नगर, खजूरी, शाहजहांनाबाद और बैरागढ़ में कांजी हाउस हैं। यह सब लगभग फुल हैं। इस कारण अब ग्रामीण क्षेत्र में स्थित गौशालाओं में पकड़े जाने वाले आवारा मवेशी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
महापौर के साथ बैठक में कलेक्टर ने की थी प्लानिंग
निगम को इस अभियान को लेकर सभी आवारा मवेशियों को शहर से बाहर करने का लक्ष्य है। गौशाला संचालकों के साथ महापौर मालती राय एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने समीक्षा बैठक में इसकी प्लानिंग की थी। कलेक्टर ने गौशाला संचालकों से आवारा मवेशियों के कारण होने वाले एक्सीडेंट रोकने के लिए सुझाव भी मांगे थे।
आज इतने पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजा
आज अमले ने 80 फीट रोड, पुष्पा नगर, प्रभात चौराहा, पिपलानी चौराहा, आनंद नगर, पटेल नगर क्षेत्रों से 45 आवारा पशुओं को पकड़ा। इनमें से 25 पशुओं को कांजी हाउस, 20 पशुओं को ग्रामीण गौशाला भेजा है। वहीं, कुछ लोग जुर्माने के डर से अपने पशुओं को खुद ही पकड़कर ले जाते हुए दिखे।

More Stories
कसित भारत @2047 एवं आयुष्मान भारत सहित केंद्र सरकार की योजनाओं पर केंद्रित “वार्तालाप” कार्यक्रम 6 अगस्त को
व्यवस्थित ग्रामीण विकास और जनकल्याण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायतों को सशक्त बनाना आवश्यक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जबलपुर हाईकोर्ट में मीनाक्षी नटराजन की याचिका मंजूर, राज्य सरकार, चुनाव आयोग और तीन राज्यसभा सांसदों को नोटिस