August 22, 2026

बालको प्लांट में फिर बड़ा हादसा, राख फिल्टर का संयंत्र भरभराकर गिरा

कोरबा। देश की शान कहे जाने वाले बालको एल्यूमिनियम प्लांट में एक बड़ा हादसा हो गया हैं। प्लांट परिसर में राख फिल्टर (ईएसपी) का लगभग 20 साल पुराना संयंत्र अचानक भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार ईएसपी का निर्माण सेपको कंपनी द्वारा वर्ष 2004-05 के दौरान कराया गया था। हादसे के बाद एक बार फिर सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें कि इससे पहले भी कुछ साल पहले बालको प्लांट में चिमनी गिरने की घटना सामने आ चुकी है। लेकिन इस घटना से प्रबंधन ने उससे सबक नहीं लिया। लगातार हो रहे हादसे श्रम विभाग की लापरवाही को उजागर कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ही रायपुर स्थित गोदावरी पावर प्लांट में हादसे में छह श्रमिकों की मौत हो चुकी है। स्थानीय कर्मचारियों का आरोप है कि उद्योगपतियों के दबाव में श्रम विभाग केवल खानापूर्ति कर रहा है। जबकि संयंत्रों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी से लगातार श्रमिकों की जान को खतरा बना हुआ है।