February 22, 2026

बिहार में नीतीश ने 10वीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, 26 विधायक बने मंत्री

22 मिनट में संपन्न हो गया शपथ ग्रहण समारोह

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी जीत के बाद बिहार की सियासत में ‘सुशासन बाबू’ के नाम से मशहूर नीतीश कुमार ने गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। गांधी मैदान में गुरुवार सुबह 11.30 बजे शुरू हुए समारोह में राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश के साथ भाजपा के सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। गांधी मैदान 2005, 2010 और 2015 में भी नीतीश के शपथ समारोह का साक्षी रहा है। बता दें कि बिहार में एनडीए विधानसभा चुनाव में 243 में से 202 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है।

बिहार के गांधी मैदान में हुये इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी मैदान में लोगों का अभिवादन किया और अपना खास गमछा लहराकर बिहार के लोगों का धन्यवाद दिया।

इन मंत्रियों ने ली शपथ

नीतीश मंत्रिमंडल में भाजपा ने इस बार मंत्रिमंडल में बड़ी संख्या में चेहरे शामिल किए गये हैं। इनमें उपमुख्यमंत्री-सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा के अलावा मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संजय टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह तथा प्रमोद कुमार (चंद्रवंशी ) के नाम शामिल हैं। जदयू से विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन साहनी, मोहम्मद जमा खान, सुनील कुमार, हम से संतोष कुमार सुमन, लोजपा (राम विलास) से संजय कुमार एवं संजय सिंह और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश मंत्रिमंडल में शामिल किये गये हैं।

3 महिला विधायकों को मौका

नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ 26 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें 3 महिला विधायकों को मौका मिला है। जनता दल (यूनाइटेड) से 1 और भाजपा से 2 महिला विधायकों को मंत्री बनाया गया है।

22 मिनट में संपन्न हो गया शपथ ग्रहण समारोह

खास बात ये रही कि इस बार शपथ ग्रहण समारोह महज 22 मिनट में संपन्न हो गया. दरअसल नितीश कुमार, सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा द्वारा शपथ लेने के पश्चात 7-7 विधायकों को एक साथ तीन बार में शपथ दिलवाई गई। शायद यह पहला मौका रहा जब शपथ ग्रहण समारोह इतने कम समय में निपटा दिया गया।

महिलाओं की रही भारी मौजूदगी

शपथ ग्रहण समारोह में महिलाओं की भारी मौजूदगी खास बात रही। ये महिलाएं मोदी के गमछा वाले स्टाइल में अपना आंचल लहरा रही थीं तो कोई स्टॉल लहरा रही थीं। महिलाओं ने नीतीश के स्वागत में नारे लगाए, ‘सुशासन बाबू जिंदाबाद’ और ‘महिला शक्ति की जय’। बिहार चुनाव में महिलाओं के वोट ने एनडीए को मजबूती दी, जिसकी शपथ ग्रहण समारोह में अलग झलक दिखाई दी।