वोट अधिकार यात्रा में राहुल गांधी ने कहा- यह संविधान बचाने की लड़ाई

मल्लिकार्जुन खडग़े बोले- वोट काटकर जीतना चाह रहे, ऐसा होने नहीं देंगे

सासाराम। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिहार में सासाराम से वोट अधिकार यात्रा का आगाज किया है। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, कि यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। संपूर्ण देश में भाजपा-आरएसएस संविधान को मिटाने पर तुले हुए हैं। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव सहित महागठबंधन में शामिल सभी घटक दलों के नेता मौजूद थे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, कि यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। यह कैसे संभव है कि जहां भी चुनाव होते हैं, ये जीत जाते हैं। महाराष्ट्र में ओपिनियन पोल कह रहे थे महागठबंधन चुनाव जीतेगा। लोकसभा में महागठबंधन जीतता है, लेकिन 4 महीने में उसी क्षेत्र में हम हार जाते हैं। उन्होंने आगे कहा, कि जब हमने मालूम किया तो पता चला कि एक करोड़ नए वोटर जादू से पैदा हो गए। उन्होंने जोर देते हुए कहा, कि बिहार की जनता वोटों की चोरी करने नहीं देगी। आखिर गरीब-कमजोर जनता के पास सिर्फ वोट का ही अधिकार है। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को लेकर कहा, कि आयोग जो कर रहा, वो सबको मालूम है। चुनाव आयोग को हम यह करने नहीं देंगे। उन्होंने कहा, कि नरेंद्र मोदी और एनडीए अरबपतियों के साथ सरकार चलाती है, और पूरा धन इन्हीं 5-6 अरबपतियों को दिया जाता है। राहुल गांधी ने कहा, कि मैंने वोट चोरी पर पत्रकार वार्ता की तो चुनाव आयोग ने मुझसे ही एफिडेविट मांग लिया। चुनाव आयोग कहता है, आप एफिडेविट दें कि आपका डेटा सही है। यह डेटा चुनाव आयोग का है, फिर मुझसे एफिडेविट क्यों मांगा जा रहा?

वोट काटकर जीतना चाहते हैं ऐसा होने नहीं देंगे-खडग़े
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने पूछा कि आजादी की लड़ाई में आरएसएस के कितने लोग जेल गए? कितने लोगों ने कुर्बानी दी? दरअसल ये तो वे लोग हैं जो नौकरी पाने के लिए अंग्रेजों को लेटर लिखा करते थे। ऐसे ही लोगों की तारीफ प्रधानमंत्री लाल किले से करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में 65 लाख गरीब-मजदूरों के वोट कट गए। असल में ये लोग इसी तरह से वोट काट-काट कर अपनी जीत सुनिश्चित करना चाहते हैं। जनसभा के दौरान वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे भी लगाए गए।

यह वोट चोरी नहीं डाका है – तेजस्वी
सभा में तेजस्वी यादव ने कहा, कि आपके वोट की चोरी नहीं हो रही, बल्कि इस पर डाका डाला जा रहा है। बिहार लोकतंत्र की जननी है, तेजस्वी और राहुल की यह जोड़ी आपके वोट के अधिकार को खत्म होने नहीं देगी। उन्होंने कहा, कि आज वोटर लिस्ट से वो नाम काट रहे हैं। कल को राशन कार्ड से नाम काटेंगे। पेंशन भी काटेंगे, इस प्रकार यह मोदी सरकार है जो बिहार के लोगों को चूना लगाना चाहती है, उन्हें पता नहीं है कि यह बिहार है, यहां खैनी के साथ चूना मिलाकर लोग खा जाते हैं।