रेलवे की राउंड ट्रिप योजना…यात्रियों को किराये में मिलेगी 20 प्रतिशत की छूट

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने त्योहरी सीजन में यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। उसने नई सुविधा की घोषणा की है, जिसके तहत आने और जाने का टिकट एक साथ बुक कराने पर रिटर्न जर्नी के बेस किराए पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस ‘राउंड ट्रिप पैकेज’ स्कीम को फिलहाल प्रयोग के तौर पर लागू किया जा रहा है, ताकि इसके असर और यात्रियों के रुख का आकलन किया जा सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह राउंड ट्रिप पैकेज योजना 14 अगस्त से शुरू की जाएगी। इसके तहत यात्रियों को पहली यात्रा का टिकट 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच की तारीख के लिए बुक करना होगा। वापसी का टिकट 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच की तारीख के लिए ‘कनेक्टिंग जर्नी फीचर’ के जरिए बुक किया जा सकेगा।

रेलवे के अनुसार, छूट तभी मिलेगी जब दोनों तरफ का टिकट एक ही यात्री के नाम पर और कन्फर्म हो। रिटर्न टिकट की बुकिंग के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड लागू नहीं होगा। यह छूट केवल रिटर्न जर्नी के बेस किराए पर दी जाएगी। रेलवे का मानना है कि इस स्कीम से त्योहारों के दौरान ट्रेनों का दोनों तरफ से बेहतर उपयोग हो सकेगा और यात्रियों को भी किफायती यात्रा का लाभ मिल सकेगा।