भोपाल। मध्यप्रदेश विभाग के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने किसानों के मुद्दे पर भैंस के मुखौटे पहन, उनके आगे बीन बजाते हुए प्रदर्शन किया। इसके पहले सोमवार को भी कांग्रेस विधायकों ने सदन के बाहर गिरगिट का खिलौना लेकर प्रदर्शन किया था। इस मौके कांग्रेस विधायकों ने कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रहा है। सरकार में अन्नदाताओं की सुनवाई नहीं हो रही है।
कांग्रेसके प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने तंज कसते हुए प्रश्नकाल के दौरान कहा कि ये आज नागपंचमी पर भैंस लेकर आए है। कभी गिरगिट लेकर आते हैं। आप चुने हुए प्रतिनिधि हैं। मर्यादा बनाकर रखना चाहिए।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर कहा- मैंने सदन में भी विपक्ष के सदस्यों से कहा है कि आप ढाई लाख से ज्यादा वोटरों के बीच में से चुनकर आते हैं तो अपनी मर्यादा के आधार पर आपको पूरा अधिकार है।
उन्होंने कहा कि आप सदन में बोलें और महात्मा गांधी के सामने जो बात रखना है, वह रखें। आपको तो फर्क पड़ता नहीं है। लेकिन मुझे तो उन वन्यप्राणी पर दया आती है जो हंसते हुए सोचते होंगे कि यह हमारा रूप बनाकर भैंस क्यों बनना चाहते हैं? मनुष्य योनि को बदनाम कर रहे हैं। कभी गिरगिट बनकर अपनी बात रखते हैं। यह कांग्रेस का रंग बदलने का चरित्र आजादी के बाद से दुनिया ने देखा है। प्रदेश ने देखा है। कांग्रेस हमेशा दो रंग के चरित्र से जीती है तो वह अपने चरित्र को सामने क्यों बता रही है। हम सब जानते हैं कि उनके जमाने में भैंस के आगे बीन बजाने जैसा काम ही चलता था।

More Stories
भोपाल में 1 लाख आबादी की राह होगी आसान, दिसंबर तक शुरू होगा ऐशबाग का ‘90 डिग्री’ ब्रिज
पीएनजी समन्वय समिति के सत्यापन उपरांत ही एलपीजी सप्लाई बंद की जाए
इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज मैच का असर, होटल किराए दोगुने; ₹7 हजार का कमरा ₹14 हजार में