मुंबई
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को कहा कि चलन से हटाए गए 2,000 रुपए मूल्य के कुल 93 प्रतिशत नोट बैंकों में वापस आ गए हैं। आरबीआई ने 19 मई, 2023 को 2,000 रुपए के नोट को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी। रिजर्व बैंक के एक बयान के मुताबिक, बैंकों से मिले आंकड़ों से पता चलता है कि 31 अगस्त, 2023 तक बैंकों में जमा 2,000 रुपए के नोटों का कुल मूल्य 3.32 लाख करोड़ रुपए था।
इसका मतलब है कि 31 अगस्त, 2023 को 2,000 रुपए के 0.24 लाख करोड़ रुपए के नोट ही चलन में थे। प्रमुख बैंकों से एकत्रित आंकड़े बताते हैं कि 2,000 रुपए के करीब 87 प्रतिशत नोट बैंकों में जमा कराए गए जबकि 13 प्रतिशत नोटों को अन्य मूल्य वर्ग के नोटों से बदला गया।
गौरतलब है कि 31 मार्च, 2023 को चलन में मौजूद 2,000 रुपए के नोट का कुल मूल्य 3.62 लाख करोड़ रुपए था, जो 19 मई 2023 को इन्हें वापस लिए जाने की घोषणा के समय घटकर 3.56 लाख करोड़ रुपए हो गया था। आरबीआई ने लोगों से 2,000 हजार रुपए के नोट को 30 सितंबर, 2023 तक बैंकों में जमा कराने या अन्य मूल्य वर्ग के नोट के साथ बदलवाने का अनुरोध किया है।

More Stories
मन की बात: पीएम मोदी ने हरगिला संरक्षण की सफलता और जनता के सहयोग की मिसाल पेश की
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम दौर में, सर्जियो गोर बोले- बस कुछ मुद्दों पर सहमति बाकी
भारतीय तटरक्षक बल में शामिल हुआ ICGS अक्षय, समुद्री सुरक्षा को मिली मजबूती