नई दिल्ली। इस बार दुर्गा पूजा और दशहरा के उत्सव को आंधी-बारिश फीका कर सकती हैं। बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाब का क्षेत्र बन रहा है, जिससे अगले 7 दिनों तक कोलकाता और देश के कई राज्यों में कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होगी। दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद राज्य में दुर्गा पूजा का उत्सव कुछ हद फीका पड़ सकता है। दुर्गा पूजा उत्सव 28 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टृबर को विजया दशमी पर समाप्त होगा। हालांकि, कई जगहों पर मूर्तियों का विसर्जन बाद में किया जाता है।
मौसम विभाग कोलकाता में 1 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के दक्षिणी हिस्से के कई जिलों में अगले दो दिनों में ऐसी ही बारिश होगी। 30 सितंबर को उत्तरी अंडमान सागर में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 1 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र बन सकता है। इस कारण पूर्वी और मध्य भारत में 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश होगी। पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। गोवा, महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ में 3 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है। सौराष्ट्र और कच्छ में 29 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी है। इसके साथ ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक तूफानी हवाएं चलेंगी। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करने की सलाह दी गई है। राजस्थान में कुछ जगहों पर अगले कुछ दिनों के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान में मौसम शुष्क रहा और दक्षिण-पश्चिम मॉनसून शुक्रवार को राज्य से पूरी तरह से विदा हो गया। हालांकि, मॉनसून की वापसी रेखा शनिवार को वेरावल, भरूच, उज्जैन, झांसी, शाहजहांपुर से होकर गुजरी। इसके असर से आगामी दिनों में राजस्थान के उदयपुर और कोटा संभागों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है।

More Stories
Ahmedabad के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट पर, शहर में दहशत
भारतीय पासपोर्ट की ताकत में जबरदस्त उछाल, 10 पायदान चढ़कर 75वें स्थान पर पहुँचा, इन दो देशों से बढ़ी टेंशन
FASTag यूजर्स सावधान: नकली वेबसाइट और फर्जी QR कोड को लेकर NHAI की बड़ी चेतावनी