नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच 19 जुलाई (रविवार) को लॉर्ड्स में वनडे सीरीज का तीसरा एवं निर्णायक मुकाबला खेला जाना है. सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है. ऐसे में जो भी टीम इस मुकाबले को जीतेगी, वो सीरीज अपने नाम कर लेगी. मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा.
लॉर्ड्स वनडे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा था. स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण इस मैच से बाहर हो गए थे. अब वॉशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया गया है. उनकी जगह घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की.
बीसीसीआई के मुताबिक, वॉशिंगटन सुंदर को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान दाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. मेडिकल जांच के बाद उन्हें सीरीज के अंतिम मुकाबले से बाहर कर दिया गया. बोर्ड ने बताया कि सुंदर अब स्कैन कराएंगे और आगे के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह लेंगे. फिलहाल उनकी रिकवरी को लेकर कोई समयसीमा नहीं बताई गई है.
वॉशिंगटन सुंदर के बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं ने हर्ष दुबे पर भरोसा जताया. बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज और उपयोगी बल्लेबाज हर्ष ने पिछले कुछ समय में घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, जिसके चलते उन्हें एक बार फिर भारतीय टीम में जगह मिली है. हर्ष दुबे ने पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना वनडे इंटरनेशनल डेब्यू किया था. हर्ष ने अब तक दो ओडीआई मैचों में 7.08 की इकोनॉमी रेट से 4 विकेट से झटके हैं.
वॉशिंगटन सुंदर भारत के लिए गेंद और बल्ले दोनों से अहम भूमिका निभा रहे थे. मिडिल ऑर्डर में उपयोगी बल्लेबाजी के साथ-साथ पावरप्ले और बीच के ओवरों में किफायती स्पेल डालने की उनकी क्षमता टीम को अतिरिक्त संतुलन देती है. ऐसे में निर्णायक मुकाबले से पहले उनका बाहर होना कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता की बात होगी. अब सभी की नजरें इस बात पर रहेगी कि क्या लॉर्ड्स में उन्हें अंतिम एकादश में भी मौका मिलता है. वैसे कुलदीप यादव के इस मैच में खेलने की संभावना ज्यादा दिख रही है.
तीसरे वनडे के लिए भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव और हर्ष दुबे.

More Stories
World Cup 2027 से पहले साउथ अफ्रीका जाएगी टीम इंडिया, BCCI ने बनाया बड़ा प्लान; होगी ODI सीरीज
Asian Games 2026: गौतम गंभीर की जगह VVS लक्ष्मण संभालेंगे टीम इंडिया की कोचिंग, जानें क्यों हुआ बदलाव
5 रन देकर 7 विकेट, हैट्रिक के साथ रचा इतिहास, एशिया कप में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा