October 21, 2026

उत्तराखंड में अब जल्द ही यूसीसी लागू होने वाला है, मुख्यमंत्री को ड्राफ्ट सौपेंगी कमेटी

देहरादून
उत्तराखंड में अब जल्द ही यूसीसी (समान नागरिकता संहिता) लागू होने वाला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में समान नागरिकता संहिता लागू करने का जनता से वादा किया था, जिसे अब मुख्यमंत्री पूरा करने वाले हैं। इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दी।

2 फरवरी को यूनिफॉर्म सिविल कोड का मसौदा तैयार करने के लिए बनी कमेटी अपना ड्राफ्ट प्रदेश सरकार को सौंपेगी। जिसके बाद 5 फरवरी को मुख्यमंत्री धामी विधानसभा सत्र में विधानसभा के पटल पर ड्राफ्ट को रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से किए गए वादे को सरकार पूरा करने जा रही है। 2 फरवरी को यूसीसी पर जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित कमेटी सरकार को ड्राफ्ट सौंपेगी। इसके बाद कैबिनेट की बैठक में मंथन कर विधानसभा सत्र में कमेटी की रिपोर्ट को पेश किया जाएगा। फिर इसे लागू किया जायेगा।

वहीं, प्रदेश में यूसीसी को लागू करने के लिए मुख्यमंत्री धामी ने 5 सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। इस ड्राफ्ट को तैयार करने के लिए समाज के हर वर्ग से सुझाव मांगे गए थे। जिसकी जिम्मेदारी गठित कमेटी को दी गई थी। इस कमेटी ने हर वर्ग से सुझाव लेकर इस ड्राफ्ट को तैयार किया है।