संयुक्त अरब अमीरात
खुद को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शाही परिवार का सदस्य बनकर साढ़े तीन महीने तक दिल्ली के लीला पैलेस होटल में ऐश करने के बाद बिना बिल चुकाए भागे एक युवक को दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है। उस पर होटल का लाखों रुपये का बिल बकाया है। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महमेद शरीफ को 19 जनवरी को कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी खुद को यूएई के शाही परिवार के सदस्य बताता था।
पुलिस ने बताया कि महमेद शरीफ नाम का एक व्यक्ति पिछले साल 1 अगस्त से 20 नवंबर तक नई दिल्ली के लीला पैलेस होटल रुका था। उसने यूएई सरकार के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में फर्जी बिजनेस कार्ड के साथ लीला पैलेस होटल में चेक इन किया था। साढ़े तीन महीने से अधिक समय तक होटल में रहने के बाद एक दिन अचानक वह बिना बिल चुकाए होटल से भाग गया था। उस पर होटल का 23.46 लाख रुपये का बिल बकाया था।
इसके बाद होटल अधिकारियों की तरफ से दिल्ली पुलिस को इसके बारे में सूचना दी गई थी। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। कई दिनों तक तलाश करने के बाद पुलिस को उसके कर्नाटक में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने आरोपी को कर्नाटक जाकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसकी क्राइम कुंडली खंगालने के साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब से पहले उसने कितनी बार और कहां-कहां इस तरह के फर्जीवाड़े को अंजाम दिया है।

More Stories
Saudi Arabia पर बढ़ा कर्ज का बोझ? क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने मांगा ₹75,876 करोड़ का लोन
होर्मुज में जंग का असर, स्वेज पर चीन की नजर! Xi Jinping के मिस्र दौरे से बदल रहा मिडिल ईस्ट का पावर मैप
नेपाल में तबाही के 8 दिन बाद भी मलबे से निकल रहे शव, मौतों का आंकड़ा 1127 पहुंचा