February 26, 2026

ट्रंप यूक्रेन से बोले-जंग खत्म करो, वर्ना कड़े प्रतिबंध लगेंगे

वाशिंगटन। रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने में लगातार नाकाम हो रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन से मुलाकात और यूरोपीय नेताओं से चर्चा के बावजूद कोई समाधान न निकलने पर चेतावनी दी है कि अगर जंग खत्म नहीं हुई तो वे यूक्रेन पर भी कड़े प्रतिबंध और टैरिफ लगाएंगे।
वाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा, कि युद्ध हमेशा दो पक्षों के बीच होता है, एक अकेले को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। जेलेंस्की भी निर्दोष और मासूम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हजारों लोग, ज्यादातर युवा, हर हफ्ते मर रहे हैं। अगर मैं उन्हें बचा सकता हूं तो प्रतिबंध लगाकर बचाऊंगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यह कदम रूस और यूक्रेन दोनों को बहुत महंगा पड़ेगा।

आर्थिक युद्ध की धमकी
इससे पहले ट्रंप ने कैबिनेट बैठक में कहा, कि यह विश्व युद्ध नहीं होगा, बल्कि एक आर्थिक युद्ध होगा। और आर्थिक युद्ध बहुत बुरा होगा। यह रूस के लिए भी बुरा होगा, और मैं ऐसा नहीं चाहता। उन्होंने संकेत दिए कि अगर हालात नहीं सुधरे तो अमेरिका आर्थिक मोर्चे पर सख्त कार्रवाई करेगा।

पुतिन-जेलेंस्की बैठक पर असमंजस
हाल ही में ट्रंप ने पुतिन, जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं से चर्चा की थी। व्हाइट हाउस ने दावा किया था कि पुतिन और जेलेंस्की की बैठक की योजना बनाई जा रही है, लेकिन रूस ने इसकी पुष्टि नहीं की। इससे जंग रोकने की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है।