अमेरिकी पूर्व राजदूत इमैनुएल ने राष्ट्रपति ट्रंप पर लगाये गंभीर आरोप
वाशिंगटन। अमेरिका के शीर्ष डेमोक्रेटिक नेता और पूर्व राजदूत रहम इमैनुएल ने कहा है कि नोबेल शांति पुरस्कार की लालसा में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी को ताक पर रख दिया। इमैनुएल ने ट्रंप की पाकिस्तान से नजदीकी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप के बेटे को पाकिस्तान से पैसा मिल रहा है।
इमैनुएल ने कहा कि ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम के लिए दबाव डाला और इसे अपनी उपलब्धि बताकर नोबेल पुरस्कार मांगा। ट्रंप ने कम से कम 50 बार दावा किया कि उन्होंने 200 फीसदी टैरिफ की धमकी देकर भारत-पाक को झुकाया। इमैनुएल, जो बराक ओबामा के प्रशासन में व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ रह चुके हैं, उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि भारत अमेरिका के लिए चीन के खिलाफ विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और सैन्य क्षेत्र में एक मजबूत साझेदार हो सकता था, लेकिन ट्रंप ने अपने अहंकार और नोबेल की चाहत में मौका गंवा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रम्प ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाकर और पाकिस्तान के साथ नजदीकी बनाकर 40 साल की मेहनत बर्बाद कर दी है। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने डेमक्रेटिक और रिपब्लिकन प्रशासनों द्वारा भारत के साथ बनाए गए रिश्तों को यहां तक कि अपने पहले कार्यकाल के दौरान की गई प्रगति को, अपने अहंकार के चलते बर्बाद कर दिया। इमैनुएल ने ट्रंप के बेटे और उनके सहयोगी स्टीव विटकॉफ के बेटे जैक विटकॉफ पर पाकिस्तान से पैसा लेने का आरोप लगाया। जैक विटकॉफ ने अप्रैल 2025 में पाकिस्तान क्रिप्टो काउंसिल के साथ डिजिटल वित्तीय लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता किया था। बताया जाता है इस कंपनी में ट्रंप जूनियर, एरिक ट्रम्प और जारेड कुशनर की हिस्सेदारी है। इमैनुएल ने इसे ट्रंप की पाकिस्तान के प्रति नरम नीति का कारण बताया।

More Stories
खामेनेई का दौर खत्म! अमेरिकी सांसद बोले – अब सिर्फ सत्ता छोड़ना ही रास्ता
एयरस्पेस विवाद: बांग्लादेश ने स्पाइसजेट पर लगाया बैन, जानिए असली वजह
युद्ध का खतरा! इस देश ने अपने नागरिकों से कहा– तुरंत छोड़ दें ईरान