वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर टैरिफ बढ़ाए जाने के मामले में अमेरिकी विशेषज्ञों का स्पष्ट मत है कि ये अमेरिका के हित में नहीं है। इसके बाद भी जिद पर अड़े ट्रंप के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब भारत के साथ किसी भी तरह की व्यापारिक डील पर बात नहीं होगी। उनका यह बयान तब आया है जब अमेरिकी विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि भारत पर लगातार टैरिफ बढ़ाना अमेरिका के हित में नहीं है। ट्रंप ने एक नया आदेश जारी कर भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ थोप दिया, जिससे कुल टैक्स अब 50 प्रतिशत हो गया है। ट्रंप से वॉशिंगटन में ओवल ऑफिस में जब एक पत्रकार ने पूछा कि 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद क्या बातचीत शुरू होगी, तो उन्होंने कहा कि नहीं, पहले मसला (टैरिफ) सुलझे, फिर बात होगी।
बता दें कि भारत लंबे समय से अपने कृषि और डेयरी सेक्टर को अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा से बचाता रहा है, क्योंकि इनसे करोड़ों किसानों की आजीविका जुड़ी है। ट्रंप भारत पर दबाव बनाना चाहते हैं ताकि वह इन सेक्टर्स को खोल दे, लेकिन भारत अपने किसानों के हक में अड़ा हुआ है। यह टकराव अब दोनों देशों के बीच व्यापारिक जंग को और गहरा कर रहा है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि भारत का रूस से तेल खरीदना, चाहे सीधे हो या बिचौलियों के जरिए, अमेरिका के लिए खतरा है। इसलिए उन्होंने आपातकालीन आर्थिक कदम उठाए। लेकिन भारत ने भी पलटवार किया। भारत में पीएम नरेंद्र मोदी ने जोश भरे अंदाज में कहा, ‘हमारे लिए किसानों का हित सबसे ऊपर है। भारत अपने किसानों, मछुआरों और डेयरी वालों के हितों से कभी समझौता नहीं करेगा। मुझे पता है, इसके लिए बड़ी कीमत चुकानी पड़े, तो भारत उसके लिये भी तैयार है!
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, पहला 25 प्रतिशत टैरिफ 7 अगस्त से लागू हो चुका है, और नया 25 प्रतिशत टैरिफ 21 दिन बाद 27 अगस्त 2025 से शुरू होगा। यह टैक्स अमेरिका सेआने वाले ज्यादातर भारतीय सामानों पर लागू होगा, सिवाय उन सामानों के जो पहले से रास्ते में हैं या कुछ खास छूट वाली कैटेगरी में आते हैं। आदेश में यह भी कहा गया है कि अगर भू-राजनीतिक हालात बदलते हैं या भारत कोई जवाबी कार्रवाई करता है, तो ट्रंप इस टैरिफ को बदल सकते हैं।

More Stories
रूस से अमेरिका तक वार करने में सक्षम दुनिया का पहला अंतरमहाद्वीपीय फाइटर जेट Su-34, पुतिन ने किया प्रदर्शन
मोदी के स्वागत को तैयार इजरायल, नेतन्याहू बोले– ‘पर्सनल फ्रेंडशिप’ से रिश्तों में आएगी नई मजबूती
नीदरलैंड में बदली राजनीति की तस्वीर: रॉब जेटन बने देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री