February 26, 2026

ट्रंप सरकार का नोटिस, 27 अगस्त से भारत पर लगेगा 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल खरीदने पर भारत के खिलाफ दंड के तौर पर अतिरिक्त टैरिफ का ऐलान किया था। अब अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर भारत से आयातित होने वाले सामानों पर 25 फीसदी का अतिरिक्त कर लगाने का एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि 27 अगस्त को 12.01 बजे (ईएसटी) से नया टैरिफ प्रभावी हो जाएगा। इस नोटिस के बाद से अब भारतीय सामानों पर अमेरिका कुल 50 फीसदी टैरिफ वसूलेगा। यह दर ब्राजील के बराबर और अन्य एशिया-प्रशांत देशों की तुलना में कहीं अधिक है।

रिपोर्टस के अनुसार ट्रंप सरकार के इस नोटिस से इस बात के संकेत मिलते हैं कि वाइट हाउस रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौते से पहले दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग के माध्यम से होमलैंड सिक्योरिटी विभाग द्वारा जारी इस नोटिस में कहा गया है कि टैरिफ ने ट्रम्प के उस कार्यकारी आदेश को लागू किया है, जिस पर उन्होंने 6 अगस्त को हस्ताक्षर किए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इससे पहले व्यापार घाटे का हवाला देते हुए 1 अगस्त से भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया था। बाद में रूसी तेल खरीदने पर 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया था, जो अब कल 27 अगस्त से लागू होगा।

ट्रंप प्रशासन का कहना है कि रूस से तेल खरीदकर भारत अप्रत्यक्ष तौर पर यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में भारत रूस को फंडिंग कर रहा है। अमेरिका ने यह भी संकेत दिया है कि अगर शांति समझौता विफल रहा तो वह रूस के साथ व्यापार करने वाले देशों पर अतिरिक्त टैरिफ लगा सकता है।उन्होंने आने वाले हफ्तों में बहुत बड़े परिणामों की चेतावनी दी है।