नागपुर। डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा 1925 में स्थापित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) शताब्दी वर्ष मना रहा है। संघ इस बार 2 अक्टूबर को दशहरा उत्सव नागपुर के रेशमबाग मैदान में अनूठे अंदाज में मनायेगा। सरसंघ चालक डॉ मोहन भागवत और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की गरिमामय उपस्थिति में सुबह 7 बजे भव्य एवं अनुशासित तरीके से आयोजित इस दशहरा उत्सव में 21 हजार स्वयंसेवकों के साथ कई देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि उत्सव में सरसंघ चालक डॉ मोहन भागवत और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद खासतौर पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि संघ के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील के पत्थर के रूप में मनाया जाएगा। उत्सव में जानेमाने गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन के गीत-संगीत के रंग बिखरेंगे। खास बात यह है कि मणिपुर के स्वयंसेवक भी इस उत्सव में भाग लेंगे।
1925 में मात्र 17 सहयोगियों के साथ संघ की स्थापना की
डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जन्म नागपुर में हुआ था। उन्होंने अपना सामाजिक कार्य इसी शहर से शुरू किया था। समाज में अच्छे लोगों की आवश्यकता को समझते हुए उन्होंने 1925 में मात्र 17 सहयोगियों के साथ संघ की स्थापना की। नागपुर में उनके घर से शुरू हुआ यह छोटा सा पौधा आज वटवृक्ष बन गया है। 1932 में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नाम आधिकारिक रूप से तय किया गया था।
देश भर में एक लाख से अधिक शाखाएँ
संघ की पहली शाखा 28 मई 1929 को नागपुर के महाल क्षेत्र के मोहितेवाड़ा में शुरू हुई थी। इसलिए इस शाखा का नाम मोहिते शाखा रखा गया। यह एक छोटी सी शुरुआत थी। लेकिन आज देश भर में संघ की एक लाख से अधिक शाखाएँ कार्यरत हैं। देश भर में संघ के करोड़ों स्वयंसेवक सक्रिय हैं। संघ की शाखाएँ न केवल भारत में, बल्कि कई विदेशी देशों में भी कार्यरत हैं। इस शताब्दी वर्ष के विजयादशमी उत्सव में 21 हज़ार से ज़्यादा स्वयंसेवक भाग लेंगे। यह समारोह ऐतिहासिक होगा।
विदेशी प्रतिनिधि भी होंगे शामिल
विजयादशमी उत्सव के अवसर पर नागपुर शहर में तीन शोभायात्राएँ निकलेंगी। ये शोभायात्राएँ वैरायटी चौक पर एकत्रित होंगी। सरसंघचालक मोहन भागवत इसका निरीक्षण करेंगे। शताब्दी वर्ष होने के कारण इस वर्ष यह उत्सव अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप धारण करेगा। घाना, थाईलैंड, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका समेत कई देशों के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

More Stories
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष के विवाद में कूदे ओवैसी, ‘टीपू सुल्तान की अंगूठी पर लिखा था राम’
एपस्टीन फाइल्स को लेकर भाजपा ने कपिल सिब्बल को घेरा, राहुल गांधी से मांगा जवाब
अमेरिका में लापता भारतीय छात्र श्रीनिवासैया की मौत, 6 दिन बाद मिला शव