गुरुग्राम
हरियाणा के यमुनानगर में शादी के लिए दूल्हे के मन में भी लड्डू फूट रहे थे। शादी की खुशी में घर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। रात को घर में डीजे भी देर रात तक बजता रहा जिसमें रिश्तेदारों के साथ दूल्हा भी खूब थिरका। अगले दिन सिर पर सेहरा बांध और शेरवानी पहन कर दूल्हा अपनी दुलहन को लेने के लिए बरात लेकर ससुराल में पहुंचा। घंटों बीत गए लेकिन ससुराल वाले बरात का स्वागत करने ही नहीं आए। बाद में पता चला कि जिस दुलहन को वह अपने साथ ले जाने के लिए आया था वह ब्यूटी पार्लर से ही फरार हो गई है।
दुलहन के पिता ने दी पुलिस को सूचना
दुलहन के पिता ने थाना साढौरा पुलिस को दी शिकायत दी। लिखित शिकायत में उन्होंने बताया कि उसकी सबसे बड़ी बेटी की उम्र 23 साल है। उसकी शादी एक अन्य गांव में युवक के साथ तय हुई थी। दुलहन अपनी छोटी बहन के साथ रिश्तेदार की कार में सवार होकर ब्यूटी पार्लर पर गई थी। इसके लिए ब्यूटी पार्लर संचालिका से पहले ही बात कर रखी थी। दुलहन व उसकी बहन को ब्यूटी पार्लर पर छोड़कर रिश्तेदार अपनी कार को ठीक करवाने के लिए मैकेनिक के पास चला गया। इसी दौरान करीब साढ़े 10 बजे दुलहन बाजार में दुकान से कुछ सामान लाने की बात कह कर निकल गई। वह कह कर गई थी थोड़ी देर में आ रही है। परंतु दुलहन वापस नहीं लौटी। दुलहन का मोबाइल भी बंद हो गया। उधर घर पर दुलहन के लौटने का सब बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उधर दोपहर को दूल्हा भी बरात लेकर गांव में पहुंच गया था।
रिश्तेदार लौटा तो नहीं मिली दुलहन
कार ठीक करवा कर रिश्तेदार ब्यूटी पार्लर पर पहुंचा। उसने ब्यूटी पार्लर की संचालिका से पूछा कि दुलहन को तैयार होने में कितना समय लगेगा। जहां उसे बताया गया कि दुलहन तो उसी वक्त बाजार चली गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। यह बात उसने दुलहन के परिजनों को बताई। एक के बाद एक परिवार के सभी लोग ब्यूटी पार्लर पहुंचने लगे। बाजार में उसकी तलाश की गई लेकिन दुलहन का कुछ पता नहीं चला। यह बात बिचौलिये को बताई गई। बिचौलिये को भी कुछ समझ नहीं आया कि वह दूल्हे को किस मुंह से बताए कि उसकी दुलहन फरार हो गई है। इस बात का पता जब दूल्हे को चला तो यह सुनते ही हैरान रह गया। रिश्तेदारों ने भी बारात से थोड़ा इंतजार करने को कहा, आखिरकार उसे बिना दुलहन के ही लौटना पड़ा। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर दुलहन की तलाश शुरू कर दी है।

More Stories
थलापति विजय की डबल चाल: TVK के दोनों हाथों में लड्डू, सरकार बनाने का खेल जारी
भारत और वियतनाम ने किए 13 समझौते, UPI और वियतनाम के फास्ट पेमेंट सिस्टम का होगा लिंक
असम में 12 मई को शपथ समारोह, पीएम मोदी होंगे मौजूद; सरमा ने बताया नया CM कब चुना जाएगा