महाकाव्यात्मक फिल्म जटाधारा 7 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी

मुंबई। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर सुधीर बाबू और बालीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा जल्द ही महाकाव्यात्मक फिल्म-जटाधारा में नजर आयेंगे। इस फिल्म का टीजऱ और पोस्टर पहले ही जबरदस्त चर्चा बटोर चुका है। अब फिल्म के नायक सुधीर बाबू ने भगवान शिव की एक शानदार पेंटिंग बनाकर ऐलान किया कि-फिल्म 7 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों के रूपहले पर्दे पर दिखेगी। एक्टर सुधीर बाबू और सोनाक्षी सिन्हा की जोड़ी पहली बार इस स्तर की महाकाव्य फिल्म में नजर आएगी।

एक्टर सुधीर बाबू की यह पेंटिंग गहरे नीले रंगों में रची गई है, जो भगवान शिव के ध्यानमग्न स्वरूप को दर्शाती है। इसमें उनका तीसरा नेत्र दिव्य शक्ति और ब्रह्मांडीय ऊर्जा का प्रतीक बनकर उभरता है। यह केवल एक पेंटिंग नहीं है, बल्कि जटाधारा की आत्मा का प्रतिबिंब है। फिल्म की थीम शिव की उस अद्वितीय सत्ता से प्रेरित है, जो संहारक भी हैं और सृजनकर्ता भी। जैसे शिव विनाश और पुनर्जन्म के प्रतीक हैं, वैसे ही यह फिल्म भी शक्ति, भक्ति और आत्मोन्नति की भव्य कथा पेश करने का वादा करती है। फिल्म की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसे हिंदी और तेलुगु दोनों भाषाओं में रिलीज़ किया जाएगा।

फिल्म जटाधारा के प्रोडक्शन में कई बड़े नाम जुड़े हैं, जिनमें-ज़ी स्टूडियोज़ के साथ प्रेरणा अरोड़ा, उमेश कुमार बंसल, शिविन नारंग, अरुणा अग्रवाल, शिल्पा सिंघल और निखिल नंदा जैसे निर्माताओं के नाम शामिल हैं। फिल्म के सहनिर्माता अक्षय केजरीवाल और कुसुम अरोड़ा हैं। जबकि क्रिएटिव प्रोड्यूसर दिव्या विजय और सुपरवाइजिंग प्रोड्यूसर भाविनी गोस्वामी हैं। फिल्म में म्यूजक़ि ज़ी म्यूजक़ि का है।