लव मैरिज के डेढ़ साल बाद गर्भवती महिला ने आग लगाकर की आत्महत्या 

– परिवार वालों ने लगाये पति पर दहेज प्रताडऩा के आरोप

भोपाल। राजधानी के इंद्रपुरी इलाके में रहने वाली नवविवाहिता ने शादी के डेढ़ साल बाद खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला 8 महीने के गर्भ से थी। बताया गया है कि जान देने से पहले उसने आखिरी बार पिता से फोन पर बात करते हुए पति और ससुरालवालों द्वारा प्रताडि़त किये जाने की बात कही थी।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से जबलपुर की रहने वाली अनुप्रिया सिंह (28) ने डेढ़ साल पहले ने दीपक सिंह प्रेम विवाह किया था। अनुप्रिया घरेलू महिला थी, उसके परिवार वालो का कहना है की वह इस शादी के लिए राजी नहीं थे, लेकिन बेटी की खुशी के लिए उन्होनें शादी कर दी। शादी में सभी जरूरी दान दहेज सहित अन्य सामान भी दिया था। परिवार वालो का आरोप है की दीपक दहेज से खुश नहीं था। शादी के थोड़े समय बाद ही वह अनुप्रिया पर मायके से कारोबार के लिए रकम लाने का दबाव बनाने लगा था। साथ ही दीपक के परिवार वाले भी उसे ताना मारते हुए प्रताडि़त करते थे। आरोप यह भी है कि दीपक को शराब पीने की लत है, और नशे की हालत में वह दहेज में पैसों की मांग करते हुए पत्नी से मारपीट भी करता था। पति और उसके परिवार वालो की प्रताडऩा की बात कई बार अनुप्रिया ने फोन पर अपने माता-पिता को बताई थी। हालांकि परिजनों ने उसे कई बार मायके आने को कहा। लेकिन वह अपना घर बसाने रखने के लिये प्रताड़ित होने पर भी मायके नहीं जाती थी। परिवार वालों का आरोप है कि इन दिनों गर्भवती होने के बाद भी पति दीपक उसे प्रताड़ित करता था, और उसका ध्यान नहीं रखता था। बीते दिन रात करीब 8 बजे भी अनुप्रिया ने परिजनों को आखिरी बार फोन किया था, इस दौरान भी उसने पति और उसके परिवार वालों द्वारा प्रताड़ित किये जाने की बात कही। बाद में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे पति दीपक ने अनुप्रिया के पिता को फोन कर हादसे की जानकारी दी। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बेटी अनुप्रिया का शव मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर कारणों की जांच शुरू कर दी है। आगे की जांच में पुलिस नवविवाहिता के परिजनों सहित उसके पति के डिटेल बयान दर्ज करने के साथ ही अन्य बिंदुओं की जांच करेगी।