शर्मनाक ! पाकिस्तान दुनिया की सबसे कमजोर टीम से हार गया

नई दिल्ली। त्रिनिदाद और टोबैगो के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। अब तीसरा और निर्णायक मैच इसी स्टेडियम में मंगलवार को खेला जाएगा। पाकिस्तान को इस मुकाबले में मिली हार के बाद भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। वेस्टइंडीज की टीम आज के लिए सबसे कमजोर टीमों में से एक मानी जाती है। पाकिस्तान को इस टीम ने भी रौंद दिया है। पाकिस्तान की हार के बाद सीरीज रोमांचक मोड़ पर आ गई है।

बारिश का मैच पर असर
पाकिस्तान-वेस्टइंडीज मैच बारिश से प्रभावित रहा, जिसके कारण इसे 37-37 ओवर का कर दिया गया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला वेस्टइंडीज ने किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 37 ओवरों में 7 विकेट खोकर 171 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए, जबकि हुसैन तलत ने 31 रन का योगदान दिया। हालांकि, कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 38 गेंदों पर केवल 16 रन बनाए, जिससे टीम की रन गति धीमी रही। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर 3 विकेट लिए।

35 ओवरों में 181 रनों का लक्ष्य मिला
बारिश के बाद वेस्टइंडीज को डीएलएस के तहत 35 ओवरों में 181 रनों का लक्ष्य मिला। वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय पर टीम का स्कोर 24 ओवर में 5 विकेट पर 111 रन था। लेकिन इसके बाद रोस्टन चेज और जस्टिन ग्रीव्स ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 77 रनों की मजबूत साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई। रोस्टन चेज ने 47 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 1 चौका शामिल था। जस्टिन ग्रीव्स ने भी उनका बखूबी साथ दिया और 31 गेंदों पर 26 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे वेस्टइंडीज ने 33.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 184 रन बनाकर मैच जीत लिया।

सीरीज रोमांचक मोड़ पर
पाकिस्तान ने शुक्रवार को पहला वनडे 5 विकेट से जीता था, लेकिन इस हार के बाद सीरीज रोमांचक मोड़ पर आ गई है। अब दोनों टीमों के पास सीरीज जीतने का मौका है, जो मंगलवार को होने वाले तीसरे और अंतिम मैच में तय होगा। इससे पहले पाकिस्तान ने फ्लोरिडा में खेली गई टी-20 सीरीज 2-1 से जीती थी।