नई दिल्ली
इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ साक़िब महमूद को भारत दौरे के लिए अंततः वीज़ा मिल गया है। अब वह शुक्रवार को अपनी टीम के साथ कोलकाता की यात्रा कर सकेंगे, जहां बुधवार को पहला टी 20 होना है।
पाकिस्तानी मूल के महमूद के वीज़ा में देरी हो रही थी, जिसके कारण वह यूएई में लगे टीम के ट्रेनिंग कैंप का भी हिस्सा नहीं बन पाए थे। हालांकि टीम के अन्य सदस्यों आदिल राशिद और रेहान अहमद को जल्दी ही वीज़ा मिल गया था।
2019 में जब इंग्लैंड लायंस की टीम भारत के दौरे पर थी, तब भी महमूद को ऐसी ही दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। 2024 में जब लंकाशायर की टीम एक प्री-सीज़न कैंप के लिए भारत में थी, तब भी महमूद भारत नहीं आ पाए थे। वहीं ऑफ़ स्पिनर शोएब बशीर को भी पिछले साल वीज़ा प्रक्रियाओं में देरी के कारण हैदराबाद के पहले टेस्ट से बाहर बैठना पड़ा था।
महमूद को इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ी सलाहकार जेम्स एंडरसन द्वारा अबु धाबी में चलाये जा रहे तेज़ गेंदबाज़ी कैंप का हिस्सा बनना था, जिसमें जोफ़्रा आर्चर, गस ऐटकिंसन, ब्राइडन कार्स और मार्क वुड हिस्सा ले रहे थे। लेकिन भारतीय दूतावास में पासपोर्ट होने के कारण वह ऐसा नहीं कर पाए।

More Stories
IND vs AFG 3rd T20: दिल्ली में आज आखिरी मुकाबला, टीम इंडिया की नजर क्लीन स्वीप पर
CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025: 265 पदों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू स्थगित
IPL 2027 Auction भारत में होगी, BCCI ने विदेश में नीलामी कराने का फैसला बदला