नई दिल्ली
भारतीय टीम के कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने नेपाल के गेंदबाजों की क्लास लगाई। उन्होंने 59 गेंदों में 6 चौकों और 5 छक्कों के जरिए नाबाद 75 रन बनाए। एशिया कप 2023 के पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ जल्दी आउट होने वाले रोहित शर्मा ने ग्रुप फेज के दूसरे मैच में नेपाल के गेंदबाजों को जमकर धुना। इसी दौरान रोहित शर्मा ने एक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। रोहित शुरुआत में इस मैच में जरूर फंसे, लेकिन बाद में उन्होंने चौके और छक्कों की झड़ी लगाई।
रोहित शर्मा भारत के लिए एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार 50 या इससे ज्यादा रन की पारी खेलने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। 10वीं बार रोहित एशिया कप में 50 या इससे बड़ी पारी खेलने में सफल हुए हैं। टीम को एशिया कप 2023 के सुपर 4 में पहुंचाने के लिए टीम को आगे आकर लीड किया और दमदार अर्धशतक तेज गति से पूरा किया। उन्होंने 39 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा किया।
हिटमैन के नाम से फेमस रोहित शर्मा का वनडे इंटरनेशल क्रिकेट में ये 49वां अर्धशतक है। तीन दोहरे शतक इस फॉर्मैट में जड़ चुके रोहित ने भारत के लिए 30 शतक भी जड़े हैं। इस प्रारूप में रोहित शर्मा बतौर ओपनर सबसे सफल सलामी बल्लेबाजों में से एक बन चुके हैं। पिछले कुछ समय से वे तेज गति से रन बना रहे हैं और इससे टीम को भी फायदा हो रहा है, क्योंकि टीम उनकी कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
दाएं हाथ के बल्लेबाज रोहित शर्मा श्रीलंका में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने अब तक 27 छक्के श्रीलंका की सरजमीं पर जड़े हैं, जबकि उनसे पहले ये कमाल सुरेश रैना ने किया था। रैना ने 25 छक्के श्रीलंका में जड़े थे, जबकि सौरव गांगुली ने 22 छक्के जड़े। सचिन तेंदुलकर 20 और शिखर धवन 17 छक्के इस देश में जड़ने में सफल हुए थे।

More Stories
WPL 2027 का शेड्यूल तय, 14 जनवरी से शुरू होगा महिला क्रिकेट का महामुकाबला
ICC T20 रैंकिंग में भारत का जलवा, अभिषेक शर्मा दूसरे नंबर पर; बुमराह-वरुण को भी फायदा
अजीत अगरकर की चयन समिति में आखिरी बैठक, वेस्टइंडीज सीरीज के लिए टीम का होगा ऐलान