पटना
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं के द्वारा पाला बदलने का खेल जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को लालू यादव की पार्टी आरजेडी को बड़ा झटका लगा है। वैशाली के पूर्व सांसद बाहुबली नेता रामकिशोर सिंह उर्फ रामा सिंह ने आरजेडी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बताया कि मैंने अपना इस्तीफा लालू प्रसाद यादव को भेज दिया है। रामा सिंह ने पत्रकारों के सामने इसका औपचारिक ऐलान किया। पूर्व सांसद बुधवार को चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) में शामिल होंगे। सूत्रों की अनुसार रामा सिंह वैशाली लोकसभा क्षेत्र या शिवहर लोकसभा क्षेत्र के लिए महागठबंधन से टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन लालू ने उन्हें दोनों जगह में कहीं भी सिंबल नहीं दिया। वैशाली से मुन्ना शुक्ला को और शिवहर से रितु जायसवाल को टिकट दे दिया है।
बता दें कि रामा सिंह की पत्नी वीणा देवी ने महनार विधानसभा से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। रामा सिंह अपने गृह क्षेत्र महनार विधानसभा से दो बार विधायक रह चुके हैं जबकि 2014 में वह लोग जनशक्ति पार्टी के टिकट पर वैशाली से सांसद रहे और लगातार वैशाली से सांसद रहने वाले आरजेडी के कद्दावर नेता रघुवंश प्रसाद सिंह को उन्होंने करीब 1 लाख वोटो से हराया था, लेकिन सितंबर 2015 के बाद उन्होंने लोजपा को छोड़कर आरजेडी ज्वाइन कर लिया था।
कौन हैं रामा सिंह?
राम किशोर सिंह उर्फ रामा सिंह की छवि एक बाहुबली के रूप में बनी हुई है। रामा सिंह के खिलाफ हत्या से लेकर अपहरण, रंगदारी जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। रामा सिंह का नाम 90 के दशक में तेजी से उभरा। तब उनकी दोस्ती बाहुबली अशोक सम्राट से थी। 2001 का जयचंद्र अपहरण केस हो या फिर चंद्रमा सिंह मर्डर केस या फिर जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर केस रामा सिंह जरायम की दुनिया में बिहार ही नहीं बिहार के बाहर भी चर्चा में रहे।

More Stories
रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे दिग्विजय सिंह, पूरा करेंगे अपना संकल्प
गुजरात चुनाव से पहले बड़ा दांव: केजरीवाल बोले- सरकार बनी तो महिलाओं को मिलेंगे ₹1000 हर महीने
करोड़ों के पर्दों के पीछे छिपी सच्चाई, ‘शीशमहल’ पर रेखा गुप्ता का करारा हमला