प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली। देश के चार प्रतिष्ठित हस्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चार हस्तियों को राज्यसभा के लिए नामित किया, जिनमें वरिष्ठ अधिवक्ता उज्जवल निकम, केरल के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता सी. सदानंदन मास्टर, भारत के पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और इतिहासकार मीनाक्षी जैन शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन सभी मनोनीत राज्यसभा सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर श्रृंखलाबद्ध पोस्ट किए, जिनमें सभी नामांकित सदस्यों के बारे में बताते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने उज्ज्वल निकम की तारीफ की कि कानून के क्षेत्र और संविधान के प्रति उनकी निष्ठा अनुकरणीय है। उन्होंने लिखा कि वह न केवल एक सफल वकील रहे, बल्कि अहम मामलों में न्याय दिलाने की प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका भी निभाते रहे हैं। अपने पूरे विधिक करियर के दौरान उन्होंने हमेशा संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने और आम नागरिकों को गरिमा के साथ न्याय दिलाने का कार्य किया है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि राष्ट्रपति ने उन्हें राज्यसभा के लिए नामित किया है। उनके संसदीय कार्यकाल के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।
प्रधानमंत्री मोदी ने हर्षवर्धन श्रृंगला के भारत की विदेश नीति में अहम योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने लिखा- हर्षवर्धन श्रृंगला ने एक राजनयिक, बुद्धिजीवी और रणनीतिक विचारक के रूप में बेहद शानदार काम किया है। उन्होंने भारत की विदेश नीति को सशक्त बनाने में अहम योगदान दिया है। साथ ही भारत की जी20 अध्यक्षता में भी उनका विशेष योगदान रहा है। मीनाक्षी जैन का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने एक विद्वान, शोधकर्ता और इतिहासकार के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। शिक्षा, साहित्य, इतिहास और राजनीति विज्ञान के क्षेत्र में उनके कार्यों ने अकादमिक विमर्श को समृद्ध किया है। उनके संसदीय कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सी. सदानंदन मास्टर को अन्याय के आगे न झुकने की भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि हिंसा और भय का माहौल भी उनके राष्ट्र निर्माण के संकल्प को डिगा नहीं सका। एक शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनके प्रयास सराहनीय हैं। उन्हें राष्ट्रपति की ओर से राज्यसभा के लिए नामित किए जाने पर हार्दिक बधाई और उनके संसदीय कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।

More Stories
अजित पवार मौत मामला: रोहित पवार का बड़ा खुलासा, जांच को लेकर रखी अहम मांग
AI ने पकड़ी 70,000 करोड़ की ‘डिजिटल हेराफेरी’, हैदराबाद ‘बिरयानी कांड’ से देशव्यापी टैक्स चोरी का खुलासा
गुजरात में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार मिनीवैन डिवाइडर से टकराई, 5 की मौत, 6 घायल