महाराष्ट्र
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को 'अवैध दरगाह' का मुद्दा उठा दिया है। पार्टी के ट्विटर हैंडल से एक वीडियो भी पोस्ट किया गया है, जिसके जरिए दावा किया जा रहा है कि मुंबई में नई हाजी अली तैयार की जा रही है। उन्होंने इसे तत्काल हटाने की चेतावनी दे दी है। मनसे की तरफ से गुड़ी पड़वा पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान रैली निकाली गई।
गुड़ी पड़वा कार्यक्रम के संबोधन के दौरान राज ने कहा, 'यह किसकी दरगाह है? क्या यह मछली की है? कुछ सालों पहले तक तो यह नहीं थी।' उन्होंने कहा, 'अगर अवैध निर्माण को तत्काल नहीं हटाया गया, तो हम उसी जगह विशाल गणपति मंदिर का निर्माण करेंगे।' उन्होंने कहा कि मुंबई के माहिम तट पर दरगाह बनाई जा रही है।
पार्टी की तरफ से शेयर की गई पोस्ट में कहा गया, 'जह सरकार/प्रशासन नजरअंदाज करता है तो ऐसा होता है…। यह अनधिकृत निर्माण माहिम के मगदूम बाबा दरगाह में समुद्र में किया जा रहा था। दो साल पहले यह कुछ नहीं था। एक नई हाजी अली तैयार की जा रही है। यह दिन दहाड़े हो रहा है और फिर भी पुलिस और नगर पालिका को नहीं दिख रहा?' पार्टी ने ट्वीट के जरिए सरकार से भी कार्रवाई की अपील की है। मनसे ने लिखा, 'राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री/गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मुंबई पुलिस आयुक्त से अपील की है- इसे देखने के बाद तुरंत कार्रवाई करें और इस अवैध निर्माण को हटाएं। नहीं तो हम वहां विशाल गणपति मंदिर बनाएंगे।'
उठा चुके हैं लाउडस्पीकर का मुद्दा
बीते साल राज ठाकरे ने महाराष्ट्र में मस्जिदों के बाहर लाउडस्पीकर का मुद्दा भी उठाया था। उन्होंने इन्हें हटाने की बात कही थी। साथ ही चेतावनी भी दी थी कि ऐसा नहीं होने पर भजन चलाए जाएंगे।

More Stories
तेलंगाना में बड़ा एक्शन! बेटी की टिप्पणी पर मंत्री कोंडा सुरेखा कैबिनेट से बाहर, CM रेवंत रेड्डी ने लिया फैसला
BJP SC मोर्चा की नई कार्यसमिति घोषित, 56 नेताओं को मिली जिम्मेदारी; छात्रावास प्रभारियों की भी नियुक्ति
Modi Cabinet Reshuffle: मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की चर्चा तेज, वैष्णव का प्रमोशन और गडकरी के विभाग में बदलाव की अटकलें