मुंबई। प्रसिद्ध टीवी शो विक्रम-बेताल को छोटे पर्दे पर लाने वाले टीवी एवं फिल्म निर्माता-निर्देशक प्रेम सागर का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे दिग्गज फिल्मकार रामानंद सागर के बेटे थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रेम सागर ने 31 अगस्त की सुबह 10 बजे अंतिम सांस ली।
प्रेम सागर के निधन की खबर से टीवी और फिल्म जगत शोक में डूब गया। ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी और ‘राम’ बने अरुण गोविल ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सुनील लहरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह दुखद समाचार साझा करते हुए अत्यंत दुख हो रहा है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। अरुण गोविल ने कहा कि प्रेम सागर ने अपने पिता रामानंद सागर की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रामायण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
प्रेम ने टीवी और फिल्मों में खास पहचान बनाई
प्रेम सागर ने 1968 में एफटीआईआई से ग्रेज्युशन किया। वे पेशे से फिल्म निर्माता, निर्देशक और सिनेमैटोग्राफर थे। उन्होंने 1985 में मशहूर टीवी शो ‘विक्रम और बेताल’ का निर्देशन और निर्माण किया, जिसे हर उम्र के दर्शकों ने पसंद किया। इसके अलावा उन्होंने ‘अलिफ लैला’, ‘काकभुषुंडी’, ‘कामधेनु गौमाता’ और फिल्मों ‘हम तेरे आशिक’, ‘बसेरा’, ‘ललकार’, ‘चरस’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी काम किया। सिनेमैटोग्राफर के रूप में उन्होंने ‘आंखें’ (1968) और ‘चरस’ (1976) जैसी फिल्मों में काम किया। इसके अलावा उन्होंने अपने पिता की प्रोडक्शन कंपनी सागर आर्ट्स के तहत कई टीवी सीरियल्स और फिल्में बनाईं।

More Stories
‘फिल्म रिलीज होने दें’— यश की टॉक्सिक विवाद पर कर्नाटक फिल्म चैंबर अध्यक्ष का बयान
कैंसर सर्वाइवर हिना खान ने साझा किया जीवन मंत्र: ‘हर दिन को पूरी तरह जियो’
रामायण का भूला हुआ अंगद: मुस्लिम अभिनेता जिसने लंका में रखा पैर, पर हिला न सका कोई महाबली