नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शनिवार को राजधानी स्थित विज्ञान भवन में कॉमनवेल्थ लीगल एजुकेशन एसोसिएशन (सीएलईए)-कॉमनवेल्थ अटॉर्नी और सॉलिसिटर जनरल कांफ्रेंस (सीएएसजीसी) 2024 का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी। उसके मुताबिक, इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
इस सम्मेलन का विषय 'न्याय वितरण में सीमा-पार चुनौतियां है। इसमें कानून और न्याय से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे न्यायिक परिवर्तन और कानूनी कार्य प्रणाली के नैतिक आयाम, कार्यकारी जवाबदेही और अन्य बातों के अलावा आधुनिक कानूनी शिक्षा पर पुन: ध्यान देने के बारे में विचार-विमर्श किया जाएगा।
पीएमओ के मुताबिक, इस सम्मेलन में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों के साथ-साथ एशिया-प्रशांत, अफ्रीका और कैरेबियन में फैले राष्ट्रमंडल देशों के अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर शामिल होंगे।
यह सम्मेलन राष्ट्रमंडल देशों की कानूनी बिरादरी के विभिन्न हितधारकों में बातचीत के लिए एक विशिष्ट मंच के रूप में कार्य करता है। इस सम्मेलन में कानूनी शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय न्याय वितरण में चुनौतियों का समाधान करने के लिए एक व्यापक रोडमैप विकसित करने के उद्देश्य से अटॉर्नी और सॉलिसिटर जनरलों के लिए एक विशेष गोलमेज सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।

More Stories
अमेरिका में तेल संकट गहराया, 1982 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंचा रणनीतिक भंडार
8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग में 140% सैलरी बढ़ने का दावा क्यों? समझें पूरा गणित
RSS को हिंदुत्व की बढ़ती धमक का श्रेय, विजयादशमी उत्सव में बोले संजय गुप्त