February 14, 2026

पीएम नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को बांसवाड़ा आएंगे, माही न्यूक्लियर पावर प्लांट का करेंगे शिलान्यास

बांसवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 25 सितंबर को राजस्थान के बांसवाड़ा आएंगे। वे यहां करीब 42 हजार करोड़ रुपए की लागत से बन रहे माही न्यूक्लियर पावर प्लांट का शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी आदिवासी अंचल के प्रसिद्ध शक्ति धाम मां त्रिपुरा के दर्शन करने भी जा सकते हैं। पीएम मोदी के दौरे को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बांसवाड़ा में जाकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान का जनजाति बहुल बांसवाड़ा जिले की पहचान अब एक बड़े ऊर्जा केंद्र के रूप में बनने जा रही है। माही नदी के तट पर बन रहा माही-बांसवाड़ा राजस्थान न्यूक्लियर पॉवर प्लांट राजस्थान का अब तक का सबसे बड़ा परमाणु बिजलीघर होगा। यह परियोजना न केवल बांसवाड़ा जिले, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के ऊर्जा भविष्य को नई दिशा देगी। यह देश का 27वां और सबसे सुरक्षित नाभिकीय ऊर्जा संयंत्र होगा। भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम की ओर से अत्यंत आधुनिक तकनीक और सुरक्षित डिजाइन के आधार पर इसका निर्माण किया जा रहा है। बांसवाड़ा परियोजना से राजस्थान की 20 फीसदी बिजली की जरुरत पूरी होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि 42 हजार करोड़ की लागत से बन रहा माही न्यूक्लियर पावर प्लांट जनजाति क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सौगात है। इस परियोजना से न केवल ऊर्जा जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि रेलवे प्रोजेक्ट को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पीएम मोदी का दौरा जनजातीय अंचल के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।