पितृपक्ष 7 सितंबर से…भोपाल-गया ट्रेन में आरक्षण मिलना हुआ मुश्किल

भोपाल। पितृपक्ष (श्राद्धपक्ष) 7 सितंबर से प्रारंभ हो रहे हैं। इस दौरान भोपाल समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग पितरों के पिंडदान के लिये पवित्र नगरी गया जाने की तैयारी कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे 7 सितंबर से भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से गया के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चला रही है। 6 व 12 सितंबर की इन दो तारीखों में इस ट्रेन में आरक्षण मिलना मुश्किल हो रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 7, 12 सितंबर को 01661 कमलापति से गया जाने वाली इस ट्रेन में आरक्षण फुल हो गया है। अब वेटिंग में बर्थ मिल रहे हैं। शनिवार की शाम तक आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर 7 सितंबर की ट्रेन के लिए स्लीपर में 34, थर्ड एसी में वेटिंग 32 और सेकंड एसी में वेटिंग 12 दिखा रहा है। यही हाल 12 सितंबर को स्लीपर में वेटिंग 04, थर्ड एसी में 19 और सेंकड एसी में 11 चल रहा है। वही 17 सितंबर की ट्रेन में फिलहाल बर्थ उपलब्ध है। इसी तरह वापसी में यह ट्रेन 01661 गया से दिनांक 10, 15 और 20 सितंबर को दोपहर 2 बजे चलकर दूसरे दिन सुबह 10.45 को कमलापति पहुंचती है। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि पमरे पिछले 5 साल से लगातर पितृपक्ष के लिए कमलापति से गया तक विशेष वीकली ट्रेन चलाती है। इस ट्रेन से भोपाल, हिरदाराम, सीहोर, विदिशा, रायसेन, मंडीदीप समेत आसपास के जिलों-कस्बे से हजारों यात्री श्राद्ध कराने गया जाते हैं। चूंकि भोपाल से गया के लिए सीधी ट्रेन नहीं है। मुंबई, पुणे से इटारसी होकर 4-5 ट्रेनें गया जाती है, जिसमें जगह नहीं मिलती है। अब रानी कमलापति से डायरेक्ट ट्रेन चलने से श्राद्ध कराने वाले लोगों को राहत मिली है।

9 स्पेशल ट्रेनों के बढ़ाए फेरे
रेल प्रशासन ने त्यौहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए 9 स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ा दिए हैं। ये विस्तारित स्पेशल ट्रेनें पश्चिम रेलवे के इटारसी, भोपाल होकर गुजरती है। जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि विस्तारित ट्रेनों में वलसाड-दानापुर, जयनगर-उधना, उधना-धनबाद, उधना-पटना, डॉ. अंबेडकर नगर – पटना, उधना – सूबेदारगंज स्पेशल, बांद्रा टर्मिनस-बडऩी, उधना – सूबेदारगंज, बांद्रा टर्मिनस – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी शामिल है।

रानी कमलापति-दानापुर के मध्य पूजा स्पेशल
पश्चिम मध्य रेल ने दुर्गा, दिवाली एवं छठ पूजा पर अतिरिक्त यात्री यातायात को क्लीयर करने रानी कमलापति-दानापुर के मध्य इटारसी होकर द्वि-साप्ताहिक 11-11 ट्रिप पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 27 सितंबर से 1 नवंबर कमलापति और 28 सितंबर से 2 नवंबर तक रानी कमलापति तक चलेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच रहेंगे।