फिल्मों में अब लीड रोल करना चाहता है ’खलनायक’

मुंबई। बालीवुड के सबसे बड़े खलनायक एवं एक्टर आशीष विद्यार्थी आज एक ब्लॉगर, मोटिवेशनल स्पीकर और ट्रैवलर के रूप में एक नई पहचान बना रहे हैं। लेकिन उनके फैंस के मन में एक ही सवाल है कि अब वे फिल्मों में क्यों दिखाई नहीं दे रहे हैं? इसका जवाब खुद आशीष विद्यार्थी ने हाल ही अपने ब्लॉग में दिया है। उन्होंने साफ किया कि अब वह फिल्मों में सिर्फ लीड रोल निभाना चाहते हैं।
आशीष ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि मैं एक बेहतरीन एक्टर हूं। मैंने अपने करियर में 11 भाषाओं में 300 से ज्यादा फिल्में की हैं, लेकिन अब मैं ऐसी भूमिकाएं निभाना चाहता हूं जो मेरे टैलेंट को पूरी तरह सामने लाएं मजबूत, प्रभावशाली, केंद्रीय भूमिकाएं। आशीष ने ये भी बताया कि वो इन दिनों अभिनय से दूर जरूर हैं, लेकिन उन्होंने खुद को व्यस्त और रचनात्मक बनाए रखा है। वो न केवल ब्लॉगिंग कर रहे हैं, बल्कि मोटिवेशनल प्रोग्राम कर रहे हैं और ‘सीट डाउन आशीष’ नाम से एक कॉमेडी स्केच भी लिख रहे हैं। उनका कहना है कि वो अकेले बैठकर निराश होने वालों में से नहीं हैं, बल्कि हर परिस्थिति में सकारात्मक बने रहना और आगे बढऩा उनकी सोच है।

आशीष का फिल्मी कॅरियर
आशीष विद्यार्थी ने ‘द्रोहकाल’, ‘बाजी’, ‘जिद्दी’, ‘वास्तव’, ‘सोल्जर’, ‘हसीना मान जाएगी’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में दमदार किरदार निभाए हैं और उन्हें राष्ठ्रीय फिल्म पुरस्कार से भी नवाजा गया है। हाल ही में वह करण जौहर द्वारा होस्ट किए गए रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ में भी नजर आए थे। बालीवुड के सबसे पावरफुल खलनायकों में शुमार आशीष विद्यार्थी इन दिनों बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन वह गुम नहीं हुए हैं।