
मंत्रियों की भी भाजपा मुख्यालय में लगाई जाएगी ड्यूटी
भोपाल। प्रदेशभर से भोपाल आने वाले भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं को हमेशाा यह शिकायत रही है कि, उन्हें प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात करने के लिये काफी मशक्कत करना पड़ती है। वजह, भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष से मेल-मुलाकात का कोई समय और दिन तय नहीं था। लेकिन अब बाहर से आने वाले नेताओं-कार्यकर्ताओं को प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। क्योंकि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नेताओं-कार्यकर्ताओं से मेल-मुलाकात के लिये समय और दिन तय कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल अब हफ्ते में दो दिन सोमवार और मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में प्रदेश भर से आने वाले नेताओं-कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके साथ भाजपा मुख्यालय में प्रतिदिन राज्य सरकार के मंत्रियों के बैठने की भी व्यवस्था बनाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल अब सोमवार और मंगलवार को बाहर से आने वाले नेताओं-कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद बुधवार से लेकर रविवार तक प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल जिलों के प्रवास, बैठकें और पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। एक भाजपा पदाधिकारी का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष से भेंट-मुलाकात का दिन तय होने से प्रदेश भाजपा मुख्यालय में रोजाना नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की लगने वाली भीड़ कम होगी।
जिला कार्यालयों में भी व्यवस्था बदलेगी
प्रदेश अध्यक्ष श्रीखंडेलवाल ने भाजपा मुख्यालय में मेल-मुलाकात की व्यवस्था तय करने के बाद सभी जिला अध्यक्षों से कहा है कि वे कार्यालय में सातों दिन न बैठें। दो दिन जिला कार्यालय पर रहने के लिए तय करें और बाकी दिनों में जिले में आने वाले मंडलों और विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास के कार्यक्रम बनाएं। इसके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने जिला अध्यक्षों को कहा है कि वे विधायकों, सांसदों से चर्चा करके उनके साथ जिला कार्यालय पर बैठें। इससे कार्यकर्ताओं और आम जनता में अच्छा संदेश जाएगा। उन्होंने शनिवार-रविवार के दिन विधायकों, सांसदों को अपने जिले के भाजपा कार्यालय पर बैठकर कार्यकर्ताओं और आम जनता से मेल मुलाकात करने को कहा है।
मंत्रियों की भाजपा मुख्यालय में ड्यूटी लगेगी
भाजपा सूत्रों के अनुसार भाजपा मुख्यालय में राज्य सरकार के मंत्रियों के बैठने के लिये भी व्यवस्था बनाई जा रही है। सरकार के मंत्री पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। शिकायती आवेदनों को संबंधित विभागों में भेजकर निराकरण कराएंगे। इससे कार्यकर्ताओं की मंत्रियों से सहज मुलाकात भी हो सकेगी और समस्याएं भी आसानी से सुलझ जाएंगी।
भाजपा मुख्यालय में चक्कर लगाने वालों को नसीहत
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पिछले दिनों पार्टी के जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में कहा था कई कार्यकर्ता ऐसे हैं, जो मुझे सातों दिन भाजपा मुख्यालय में दिखाई देते हैं। उन्होंने ऐसे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से कहा है कि जिसको जहां दायित्व मिला है उन्हें वहां समय देना चाहिए।
More Stories
भाजपा कार्यकर्ताओं में खोई ताकत लौटाने की कसरत
नशे से दूरी है जरूरी… मप्र पुलिस ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
मप्र विधानसभा में लगे ‘विजय शाह इस्तीफा दो’ के नारे