चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब से राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। पंजाब से अरविंद केजरीवाल नहीं बल्कि उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को प्रत्याशी बनाया गया है। बता दें पंजाब से राज्यसभा की एक सीट के लिए 24 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। आम आदमी पार्टी की राजनीतिक कार्रवाई समिति (पीएसी) ने सर्वसम्मति से राजिंदर गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दी है। बता दें राजिंदर गुप्ता पंजाब योजना बोर्ड के वाइस चेयरमैन थे। एक दिन पहले ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
राजिंदर गुप्ता को 2022 में पंजाब प्लानिंग बोर्ड में शामिल किया गया था। राज्यसभा में पंजाब कोटे की सीट संजीव अरोड़ा के लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में जीत के बाद खाली हो गई थी। जब उन्हें लुधियाना वेस्ट से प्रत्याशी बनाया गया तो विपक्षियों का कहना था कि अरविंद केजरीवाल खुद राज्यसभा जाएंगे। हालांकि तब भी केजरीवाल ने कहा था कि वह राज्यसभा नहीं जाएंगे। बता दें पंजाब से राज्यसभा की सात सीटें हैं। बाकी की छह पर आप के ही सांसद हैं। हरभजन सिंह, संत बलबीर सिंह, अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी पंजाब से राज्यसभा के सांसद हैं। राजिन्दर गुप्ता का राज्यसभा पहुंचना तय है क्योंकि 117 सीटों वाली विधानसभा में आम आदमी पार्टी के 93 विधायक हैं। वहीं राज्यसभा का चुनाव जीतने के लिए केवल 60 मतों की जरूरत है। ऐसे में गुप्ता की जीत तय मानी जा रही है। गुप्ता ने राजनीति में अकाली दल से कदम रखा था। अकाली दल और भाजपा की सरकार में वह कई अहम पदों पर रहे हैं।
कौन है राजिन्दर गुप्ता
बता दें राजिन्दर गुप्ता की कंपनी ट्राइडेंट का सालाना ट्रनओपर 5 हजार करोड़ से ज्यादा का है। यह कंपनी कॉटन पेपर, बेडशीट, टॉवल जैसे सामान बनाती है। एक साधारण परिवार में जन्मे राजिंदर गुप्ता का बिजनेस से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने नौवीं तक की पढ़ाई करने के बाद एक फैक्ट्री में नौकरी की। कई साल तक छोटे-मोटे काम करने के बाद 1985 में उन्होंने 6.5 करोड़ रुपए का निवेश कर बड़ा रिस्क लिया और अभिषेक इंडस्ट्रीज के नाम से उर्वरक की फैक्ट्री खोली। यही कंपनी आगे ट्राइडेंट के रूप में बदल गई। फोब्र्स के मुताबिक वह 1.3 बिलियन डॉलर के मालिक हैं। इसके अलावा उनकी कंपनी के उत्पाद 150 से ज्यादा देशों में निर्यात होते हैं।

More Stories
8वें वेतन आयोग की खुशखबरी: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा लाखों रुपये का फायदा
AI Impact Summit 2026 में गूंजा भारत का दम, राघव चड्ढा बोले- दुनिया में बढ़ी देश की पहचान
यूजीसी एक्ट के समर्थन में फिर गरमाया माहौल, इस जिले में सड़कों पर उतरे लोग