February 19, 2026

व्हाइट हाउस में बैठ कर नेतन्याहू ने कतर पीएम को लगाया फोन और मांगी माफी

वॉशिंगटन। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जासिम अल थानी से औपचारिक तौर पर माफी मांगी है। यह बातचीत व्हाइट हाउस से फोन कॉल के जरिए हुई, जहां नेतन्याहू अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मेहमान के तौर पर मौजूद थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक वरिष्ठ विदेशी राजनयिक ने पुष्टि की कि इस बातचीत में नेतन्याहू ने न केवल घटना को कतर की संप्रभुता का उल्लंघन बताया, बल्कि यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराई जाएगी। ट्रंप ने इस मौके पर दोनों नेताओं से संयम बरतने और मध्य पूर्व शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अपील की। दरअसल, इजराइल ने 9 सितंबर को कतर की राजधानी दोहा में एयरस्ट्राइक की थी। निशाना हमास के कई वरिष्ठ नेता थे, लेकिन वे हमले से बच निकले। इस हमले में कतर का एक सुरक्षा गार्ड और हमास के निचले स्तर के कुछ सदस्य मारे गए। घटना के बाद कतर ने बेहद नाराजगी जताई और तुरंत ही यह घोषणा कर दी कि वह अब हमास और इजराइल के बीच किसी भी मध्यस्थता में हिस्सा नहीं लेगा।

बता दें कि कतर लंबे समय से हमास और इजऱायल के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता का मुख्य मध्यस्थ रहा है। गाज़ा संघर्ष के दौरान बंधकों की रिहाई और युद्धविराम पर हुई कई वार्ताओं में कतर की अहम भूमिका रही है। ऐसे में कतर का पीछे हटना शांति प्रक्रिया के लिए एक बड़ा झटका हो सकता था। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इस पूरे घटनाक्रम में मध्यस्थता करते हुए दोनों नेताओं को फोन पर बातचीत के लिए तैयार किया। सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप ने साफ कहा कि अगर शांति समझौते को आगे बढ़ाना है तो इजराइल को इस गलती की जिम्मेदारी लेनी होगी।