निंगबो (चीन).
भारतीय सेलर (पाल नाविक) नेहा ठाकुर ने एशियाई खेलों के तीसरे दिन लड़कियों की डिंगी आईएलसीए-4 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर मंगलवार को यहां भारत के पदक का खाता खोला। 'नेशनल सेलिंग स्कूल' भोपाल की एक उभरती हुई खिलाड़ी नेहा का अभियान कुल 32 अंक के साथ खत्म हुआ। उनका नेट स्कोर हालांकि 27 अंक रहा जिससे वह थाईलैंड की स्वर्ण पदक विजेता नोपासोर्न खुनबूनजान के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा का कांस्य सिंगापुर की कीरा मैरी कार्लाइल के नाम रहा, जिनका नेट स्कोर 28 था।
पाल नौकायन (सेलिंग) में खिलाड़ियों के सबसे खराब स्कोर को पूरे रेस के स्कोर से घटाकर नेट स्कोर का आकलन किया जाता है। सबसे कम नेट स्कोर वाला खिलाड़ी विजेता बनता है। लड़कियों की डिंगी आईएलसीए-4 कुल 11 रेस की स्पर्धा थी। इसमें नेहा ने कुल 32 अंक हासिल किये। इस दौरान पांचवें रेस में उनका प्रदर्शन सबसे खराब रहा। इस रेस में नेहा को पांच अंक मिले थे। कुल 32 अंक में से इस पांच अंक को घटाकर उसका नेट स्कोर 27 अंक रहा।

More Stories
सेमीफाइनल में भारत का दमदार प्रदर्शन, इंग्लैंड के खिलाफ ठोके 253 रन
डे-नाइट टेस्ट में हरमनप्रीत ब्रिगेड का दबदबा, 3 मैचों से अजेय; क्या एलिसा हीली लगा पाएंगी ब्रेक?
मोदी सरकार के रिफॉर्म्स का असर: देश में नए कारोबारों में 27% की शानदार बढ़ोतरी