मप्र विधानसभा : एपी सिंह 30 सितंबर को हो जायेंगे सेवानिवृत्त, अरविंद शर्मा हो सकते हैं नये प्रमुख सचिव

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में सचिव पद पर कार्यरत श्री अरविंद शर्मा को नया प्रमुख सचिव बनाया जा सकता है। क्योंकि वर्तमान प्रमुख सचिव एपी सिंह इसी महीने 30 सितंबर को सेवानिवृत हो रहे हैं। श्री सिंह को फिर पुनर्नियुक्ति मिलेगी, फिलहाल इसकी संभावना नहीं है।

बता दें कि विधानसभा अध्यक्ष को प्रमुख सचिव की नियुक्ति का अधिकार होता है। विधानसभा अध्यक्ष अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ही अरविंद शर्मा को लोकसभा से प्रतिनियुक्ति पर लेकर आए थे। एक साल की प्रतिनियुक्ति के बाद श्री शर्मा का संविलियन विधानसभा में हो गया। वर्तमान में वे 60 वर्ष की उम्र पार कर चुके हैं और विधानसभा नियमों के अनुसार वे 62 साल की उम्र तक सेवा में रह सकते हैं। इस हिसाब से यदि उन्हें प्रमुख सचिव बनाया जाता है, तो वे अगले दो सालों तक इस पद पर कार्यरत रह सकते हैं।

एपी सिंह का सेवाकाल बढऩे की उम्मीद नहीं

बता दें कि एपी सिंह पहले ही 62 साल की उम्र में रिटायर हो चुके हैं, फिर उन्हें दो साल का विस्तार और फिर 6 महीने की संविदा सेवा दी गई थी, जो 30 सितंबर को समाप्त हो रही है। अब वे 64 साल से ज्यादा के हो चुके हैं और स्पीकर द्वारा उन्हें औपचारिक विदाई दी जा चुकी है, इसलिए उनके सेवाकाल बढ़ाये जाने की संभावना नहीं बची है।