
ब्रिटेन की संसद में डीजीपी कैलाश मकवाना को मिलेगा अवार्ड
भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए 15 दिवसीय अभियान नशे से दूरी है जरूरी वल्र्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हो गया। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना को अगले महीने 13 सितम्बर को लंदन स्थित ब्रिटेन की संसद में ये अवार्ड दिया जाएगा। डीजीपी मकवाना ने कहा कि ये अवार्ड यह सम्मान हर उस व्यक्ति का है, जो इस प्रयास का हिस्सा बना। इसमें पुलिसकर्मियों के साथ स्वयंसेवक, अभिभावक के साथ कई जागरूक नागरिक भी एकजुट होकर इस अभियान का हिस्सा बने।
नशा किस तरह से नौजवानों पर असर कर रहा है। कैसे ये समाज में एक बीमारी बन चुका है, इसे लेकर नागरिकों के बीच जनजागरण अभियान छेड़ा गया। मध्य प्रदेश पुलिस के इस अभियान को नशे से दूरी है जरूरी नाम दिया गया। 15 जुलाई से शुरू हुआ ये अभियान 30 जुलाई तक चला। अभियान बेशक पुलिस विभाग का था, लेकिन पूरे समाज से इसमें शामिल होने की अपील की गई। एक साथ प्रदेश के 175 थानों में नशे से दूरी कैंपेन चलाया गया। प्रदेश के 57 जिलों में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 23 लाख लोगों ने इस अभियान में सीधी भागीदारी दर्ज की। इसमें सोशल मीडिया की भी बड़ी भागीदारी रही। सोशल मीडिया के माध्यम से ये कैंपेन 6 करोड़ 35 लाख लोगों तक पहुंचा।
ये सबके सामूहिक प्रयास का नतीजा है
डीजीपी कैलाश मकवाना ने कहा कि मैं समस्त पुलिस अधिकारियों, पुलिस बल, विभागीय सहयोगियों और जनमानस को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देता हूं। यह हमारे समाज को नशा-मुक्त दिशा देने का प्रमाण है कि हम जनता तक संदेश पहुंचाने में कामयाब हुए। नशे से दूरी है जरूरी अभियान को वल्र्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड की अंतर्राष्ट्रीय मान्यता मिलना, मध्य प्रदेश पुलिस, सहयोगी संस्थाओं और पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रेरणा की बात है।
समाज की हस्तियों ने दिया समर्थन
उन्होंने अपने अपने संदेश के जरिए समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता लाने का माहौल बनाया। पाश्र्व गायक कैलाश खेर ने अपने संदेश में कहा कि जग में गर नाम हुआ ना, इंसान हुआ तो क्या, अगर आपके बच्चे, भाई या शिष्य नशे की गर्त में खो जाएं तो नाम शोहरत, दौलत सब बेमानी हो जाते हैं। सच्ची पहचान वही है, जहां किसी और की जिंदगी संवर जाए। ये तब मुमकिन है जब हम सब मिलकर कहें, नशे से दूरी है जरूरी।
More Stories
भाजपा कार्यकर्ताओं में खोई ताकत लौटाने की कसरत
मप्र विधानसभा में लगे ‘विजय शाह इस्तीफा दो’ के नारे
हेमंत खंडेलवाल इसी पखवाड़े करेंगे अपनी टीम का ऐलान